Odisha CM Naveen Patnaik: लगातार आठवीं बार बीजद के अध्यक्ष बने नवीन पटनायक
Odisha CM Naveen Patnaik. मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को बुधवार को बीजू जनता दल के आठवें कार्यकाल के लिए फिर से चुना गया है।
भुवनेश्वर (ओडिशा), जागरण संवाददाता। Odisha CM Naveen Patnaik. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को लगातार आठवीं बार बीजू जनता दल (बीजद) का अध्यक्ष घोषित किया गया है। बुधवार को बीजद के चुनाव अधिकारी तथा विधायक पीके देव ने घोषणा की कि अध्यक्ष की दौड़ में केवल नवीन पटनायक का नामांकन पत्र दाखिल हुआ था, जिससे उन्हें औपचारिक तौर पर दल का अध्यक्ष घोषित किया जाता है। राज्य की लगातार पांचवीं बार बागडोर संभालने वाले 73 वर्षीय नेता नवीन पटनायक बीजू जनता दल की स्थापना के बाद से ही इसके अध्यक्ष बने हुए हैं।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद नवीन पटनायक ने कहा कि हम बीजद चुनाव जीतने-हारने के लिए चुनाव मैदान में नहीं उतरते हैं, हम लोगों के प्यार व स्नेह पाने के लिए लड़ते हैं। लोगों का आशीर्वाद हमें लगातार मिल रहा है और हम लोगों की सेवा के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने स्वर्गीय बीजू बाबू को याद करते हुए कहा कि बीजू बाबू हमेशा कहते थे कि सरकार बनाने के लिए चुनाव को लेकर ज्यादा चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। लोगों की सेवा में खुद को लगाए रखो, लोगों की सेवा करते रहो। बीजद के अध्यक्ष के तौर पर मिली जीत को जनता की जीत बताते हुए पटनायक ने इसके लिए राज्य की 4.5 करोड़ जनता को धन्यवाद दिया है।
बीजद अध्यक्ष के लिए लिए हुए सांगठनिक चुनाव में पार्टी अध्यक्ष सहित बीजद राज्य कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव संपन्न हुआ है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक न 23 फरवरी को बीजद दल के नियमानुसार अध्यक्ष के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया था। बीजद के संविधान के अनुसार हर तीन साल में एक बार पार्टी अध्यक्ष का चुनाव किया जाता है। वैसे सन 1997 से जब से बीजद की स्थापना हुई है, तभी से नवीन पटनायक इसके अध्यक्ष बने हुए हैं। उनके नेतृत्व में बीजू जनता दल ने एक के बाद एक चुनाव जीते हैं और लोगों का भरोसा जीतने में पार्टी को लगातार चुनाव दर चुनाव सफलता मिलती आ रही है।
बीजद के सुप्रीमो के तौर पर नवीन पटनायक ने अभी तक बीजद को ओडिशा में अपराजेय बना रखा है। साफसुथरी छवि व भ्रष्टाचार मुक्त शासन का नारा देकर सत्ता में आई बीजद ने नवीन बाबु के नेतृत्व में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री के करिश्माई नेतृत्व के बल पर बीजद ने पिछले विधानसभा चुनाव में लगातार पांचवीं बार राज्य विधानसभा में जीत हासिल करते हुए शासन भार संभाला है।