ओडिशा में सरकार बनाएगी भाजपा : भूपेंद्र यादव
केंद्रीय योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने में राज्य सरकार विफल हुई है, यह बात ओडिशावासी समझ गए हैं।
भुवनेश्वर, जेएनएन। केंद्रीय योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने में राज्य सरकार विफल हुई है, यह बात अब ओडिशावासी समझ गए हैं। ऐसे में लंबे समय से सत्तासीन बीजू जनता दल को इस बार लोग गद्दी से हटाएंगे एवं दोनों, लोकसभा तथा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के सापेक्ष में मतदान करेंगे, यह बात भारतीय जनता पार्टी के महासचिव तथा सांसद भूपेंद्र यादव ने कही है। राज्य भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में सांसद यादव ने कहा कि ओडिशा में इस बार भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में केंद्र सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में जो योजना चलाई गई है इससे पहले कोई भी सरकार ने ऐसी योजना नहीं चलाई थी। कृषि उपज का न्यूनतम सहायक मूल्य हमारी सरकार के समय बढ़ाया गया है। पिछले 5 साल में भाजपा पर कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। वहीं सोनिया-मनमोहन कांग्रेस की सरकार में अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक लूटने का काम किया गया था। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के चौकीदार होने से भ्रष्टाचारियों के मन में भय का माहौल है। सत्ता में रहते कांग्रेस ने जिस प्रकार से प्रतिरक्षा क्षेत्र में दलाली कर पैसा खा रही थी अब वही लोग राफेल पर सवाल उठा रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि राफेल डील में कोई अनियमितता नहीं हुई है। राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं। उनकी सच्चाई प्रतिरक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोगों के सामने ला दिया है। सांसद यादव ने कहा कि गरीब सवर्ण के लिए शिक्षा एवं सरकारी नौकरी में 10 फीसद आरक्षण केंद्र सरकार का ऐतिहासिक फैसला है। इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक मान्यता देने का काम मोदी सरकार ने ही किया है। पत्रकार वार्ता में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बसंत पंडा, विधायक दल के नेता कनक वर्धन ¨सहदेव, उपाध्यक्ष समीर महंती, प्रवक्ता गोलक महापात्र उपस्थित थे।