विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कालबैसाखी का कहर: भुवनेश्वर-कटक में होर्डिंग गिरे, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 लोग घायल

Published: Fri, 01 May 2026 04:06 PM (GMT+05:30)

कालबैसाखी तूफान ने भुवनेश्वर और कटक में भारी तबाही मचाई, जहां तेज आंधी से कई होर्डिंग गिर गए और एक कार-बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।

तूफान की वजह से गिरी होर्डिंग। (जागरण)

तूफान की वजह से गिरी होर्डिंग। (जागरण)

HighLights

  1. भुवनेश्वर-कटक में कालबैसाखी तूफान ने मचाई तबाही।

  2. तेज आंधी से गिरे कई होर्डिंग, कार-बाइक क्षतिग्रस्त।

  3. आकाशीय बिजली से एक परिवार के तीन सदस्य घायल।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। कालबैसाखी तूफान ने राजधानी भुवनेश्वर और कटक (ट्विन सिटी) में जमकर कहर बरपाया।

तेज आंधी और बारिश के साथ चली तेज हवाओं से कई स्थानों पर बड़े-बड़े होर्डिंग धराशायी हो गए, जबकि आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

भुवनेश्वर के ओल्ड स्टेशन बाजार इलाके में दुर्गा पूजा मंडप के पास लगा एक विशाल लोहे का होर्डिंग अचानक तेज हवा के झोंकों में गिर पड़ा।

गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, होर्डिंग के नीचे दबकर एक कार और एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह होर्डिंग करीब 10 दिन पहले अस्थायी रूप से लगाया गया था।

उधर, नीलाद्री विहार स्लम क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे घायलों को तत्काल कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मौसम विभाग का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। गजपति, रायगड़ा, मयूरभंज और बालासोर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है।

अधिकारियों के मुताबिक सुबह 8:30 बजे के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है। वहीं, तटीय और पश्चिमी ओडिशा में गर्मी का असर बरकरार रह सकता है और तापमान में और वृद्धि हो सकती है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में कालबैशाखी का कहर: बिजली गिरने से मासूम की मौत, तूफान और ओले ने कई जिलों में मचाई तबाही