कांग्रेस पार्टी, निरंजन की पैतृक संपत्ति नहीं है : सगरिया
कांग्रेस पार्टी के अंदर गुटबाजी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
जासं, भुवनेश्वर : कांग्रेस पार्टी के अंदर गुटबाजी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पार्टी में एक के बाद एक लोग जहां काग्रेस छोड़कर जा रहे हैं तो वहीं जो नेता हैं, उनमें भी मनमुटाव मुखर हो गया है। अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निरंजन पटनायक एवं पूर्व विधायक कृष्ण चंद्र सगरिया के बीच उठा विवाद चर्चा में है। दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। अनुशासनहीनता के लिए आगामी चुनाव में सगरिया को टिकट न दिए जाने की बात निरंजन पटनायक द्वारा कहे जाने के बाद सगरिया ने पलटवार किया है।
पूर्व विधायक सगरिया ने कहा है कि कांग्रेस निरंजन पटनायक की पैतृक संपत्ति नहीं है। टिकट किसे मिलेगा, किसे नहीं, यह वह तय नहीं करेंगे, पटनायक केवल सिफारिश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी कर निरंजन पटनायक पार्टी विरोधी काम कर रहे हैं। वह कांग्रेस को खत्म करना चाहते हैं, यह बात मैं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को जरूर बताऊंगा। उल्लेखनीय है कि आगामी 25 जनवरी को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओडिशा दौरे पर आ रहे हैं। उनके राज्य दौरे से पहले ही पार्टी के दो विधायकों नवकिशोर दास व योगेश सिंह ने कांग्रेस से त्यागपत्र देकर आमचुनाव से पहले ही पार्टी को बड़ा झटका दिया है। इसके बावजूद पार्टी में अंतर्कलह न खत्म होना कांग्रेस के लिए बड़ी मुश्किल मानी जा रही है।