सुंदरगढ़ में पकड़ा गया अंतरराज्यीय डकैत गिरोह, चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दी थी कार
सुंदरगढ़ पुलिस ने एक अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो ट्रकों से लूटपाट और चोरी ...और पढ़ें

सुंदरगढ़ में पकड़ा गया अंतरराज्यीय डकैत गिरोह
HighLights
अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के तीन सदस्य सुंदरगढ़ में गिरफ्तार।
ट्रकों से लूटपाट, चोरी और सेंधमारी में शामिल थे।
पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। सुंदरगढ़ जिले की तलसरा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह रात के अंधेरे में ट्रकों से लूटपाट और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के रहने वाले हैं। इनके पास से पुलिस ने धारदार हथियार, मिर्ची पाउडर, काले नकाब और अन्य संदिग्ध सामग्रियां बरामद की हैं।
वारदात को अंजाम देने की साजिश
तलसरा थाने की सब-इंस्पेक्टर दमयंती महंत को रात में गश्त के दौरान मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि राज्य राजमार्ग-24 पर सौनामुरा चौक के पास कुछ संदिग्ध अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने उपलब्ध पुलिस बल के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर तीन लोगों को दबोच लिया।
चाकू और लोहे की रॉड बरामद
तलाशी के दौरान इनके पास से चाकू, लोहे की रॉड, लाठी, मिर्ची पाउडर, काला नकाब और प्लास्टिक की रस्सी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरगुजा (छत्तीसगढ़) के बटौली थाना अंतर्गत देवरी गांव निवासी विशाल कुमार किसपट्टा (23), रुस्तम कुजुर (26) और संजू कुजुर (25) के रूप में हुई है।
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे रात में चलने वाले ट्रकों को लूटने के इरादे से हथियारों के साथ वहां इकट्ठा हुए थे। इसके अलावा, इस गिरोह ने सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और संबलपुर जिलों में भी चोरी और सेंधमारी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास
जांच में यह भी सामने आया है कि 26-27 अगस्त 2026 की रात को इन्हीं आरोपियों ने संबलपुर के रेंगाली थाना क्षेत्र से इन्वर्टर, बैटरी और बर्तन चोरी किए थे। वारदात के बाद एक टाटा नेक्सन कार (ओडी 16ए 7202) से भागते समय भस्मा थाने के पास पुलिस चेकिंग को तोड़ते हुए उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया था।
घटना के तुरंत बाद सुंदरगढ़ एसपी के सीधे निर्देश पर सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया था और भस्मा व सदर थाना पुलिस ने उनकी कार का पीछा भी किया था।
धारा 132, 109(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज
पुलिस फिलहाल इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। इस संबंध में भस्मा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 109(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, रेंगाली थाने में भी बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि इस अंतरराज्यीय गिरोह द्वारा आपराधिक गतिविधियों से अर्जित की गई अवैध संपत्ति का पता लगाने के लिए आर्थिक जांच भी की जाएगी और संपत्ति को कुर्क करने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
