विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उफनती लहरों के बीच 'Mission Imposible': 9000 टन तेल से भरे टैंकर को भारतीय तटरक्षक बल ने डूबने से बचाया

By Jitendra SinghEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Mon, 28 Sep 2026 05:55 PM (IST)

भारतीय तटरक्षक बल ने ओडिशा के पारादीप तट के पास एक बड़े समुद्री हादसे और पर्यावरणीय तबाही को टाल दिया ...और पढ़ें

भारतीय तटरक्षक बल की तकनीकी देखरेख में जहाज के मुख्य इंजन की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।

भारतीय तटरक्षक बल की तकनीकी देखरेख में जहाज के मुख्य इंजन की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।

HighLights

  1. इंजन फेल हुए तेल टैंकर एमटी सीगल 9 को बचाया।

  2. 9000 टन पाम ऑयल का पर्यावरणीय रिसाव रोका।

जासं, भुवनेश्वर। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने ओडिशा में पारादीप तट के पास समुद्र में समुद्री हादसे और पर्यावरणीय तबाही को टाल दिया है। 
 
संकट में फंसे बेलीज के ध्वजवाहक तेल टैंकर एमटी सीगल 9 (MT Seagull 9) को समय रहते डूबने से सुरक्षित बचा लिया गया। 
 
इस मालवाहक जहाज पर 23 चालक दल के सदस्य सवार हैं और इसमें 9,000 मीट्रिक टन पाम ऑयल लदा हुआ है।
 

इंजन ठप होने और पानी भरने से झुका पोत 

तटरक्षक बल के अधिकारियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे पारादीप तट से 37 समुद्री मील दूर समुद्र में फंसे इस पोत से आपातकालीन संदेश (डिस्ट्रेस कॉल) मिला था। 
 
जहाज का मुख्य इंजन ठप हो गया था और बैलास्ट टैंक में तेजी से समुद्री पानी भरने के कारण पोत एक तरफ खतरनाक तरीके से झुक गया था।
 

उफनती लहरों के बीच चला साहसिक तकनीकी अभियान 

सूचना मिलते ही तटरक्षक बल ने तुरंत राहत पोत आइसीजीएस विश्वस्त (ICGS Vishwast) को घटनास्थल के लिए रवाना किया। 
 
विशेषज्ञ तकनीकी दस्ते ने उफनती लहरों और बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच असंतुलित हो चुके जहाज पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। 
 
टीम ने सबमर्सिबल पंपों की मदद से जहाज से पानी बाहर निकालने का काम शुरू किया। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त दो समुद्री पाइपलाइनों को पूरी तरह सील कर और तीसरी टूटी पाइपलाइन को नियंत्रित कर पानी का रिसाव रोका। 
 

प्रदूषण का खतरा टला, सुरक्षित खींचकर लाया गया जहाज 

जहाज को स्थिर रखने के लिए साथ-साथ कार्गो ट्रांसफर की प्रक्रिया भी पूरी की गई। अभियान को मजबूती देने और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र को संभावित तेल रिसाव से बचाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण पोत (PCV) और एक अन्य गश्ती पोत को भी मौके पर तैनात किया गया। 
 
भुवनेश्वर से उड़ान भरने वाले डोर्नियर विमान ने हवाई निगरानी के दौरान पुष्टि की कि समुद्र में जो तेल का हल्का अंश दिखाई दिया था, वह पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
 
जहाज के पूरी तरह संतुलित होने के बाद, पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के टग डॉल्फिन की मदद से इसे सुरक्षित रूप से पारादीप लंगरगाह (एंकरेज) की ओर खींच लिया गया।