यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Independence Day 2020: कोरोना के बीच ऐसे मनाया जाएगा स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह, गाइडलाइन जारी
Independence Day 2020 कोरोना संक्रमण के बीच ओडिशा के स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन तो होगा लेकिन इसके लिए राज्य सरकार ने गाइडलाइन जारी की है।

भुवनेश्वर, एएनआइ। Independence Day 2020 ओडिशा में कोरोना संक्रमण के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते ही जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण के कारण राज्य के सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद रखा गया है। हालांकि राज्य में अनलॉक-3 में लॉकडाउन के दौरान लग प्रतिबंधों को कम किया गया था लेकिन बच्चों को स्वास्थ्य को देखते हुए शैक्षणिक संस्थान अभी भी बंद हैं। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस भी प्रतिबंध के बीच मनाया जा रहा है। ऐसे समय में स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन प्रतिबंध और कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए किया गया है। कोरोना संक्रमण एवं बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह में छात्र-छात्रा भाग नहीं लेंगे ये निर्णय राज्य विद्यालय एवं जनशिक्षा मंत्रालय की ओर से लिया गया है।
जनशिक्षा मंत्री के अनुसार स्कूलों में तिरंगा फहराते समय केवल प्रधान शिक्षक, उप प्रधान शिक्षक तथा शिक्षक-शिक्षिका ही उपस्थित रहेंगे तथा कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए स्वतंत्रता दिवस समोराह मनाया जाएगा। इस समारोह में छात्र-छात्रा भाग नहीं लेंगे।समारोह के दौरान सभी COVID-19 मानदंडों और सुरक्षा नियमों का पालन किया जाएगा और केवल 10 लोगों को अनुमति दी जाएगी। इस वर्ष, इस कार्यक्रम में कोई खाने की सामग्री नहीं बांटी जाएगी और समारोह का समय सुबह 9 से 11 बजे तक दो घंटे का होगा।
गौरतलब है कि ओडिशा में कोरोना संक्रमण के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं वीरवार को रिकार्ड 1,981 नए मामले दर्ज करने के बाद राज्य में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों का कुल आंकड़ा 52,653 तक पहुंच गया था और नौ संकमितों की मौत दर्ज की गयी थी। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में अब तक कुल 314 लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण जान जा चुकी है। अधिकारिक जानकारी के अनुसार मरने वालों नौ लोगों में गंजाम जिले से तीन, मयूरभंज में दो-दो और कंधमाल और सुंदरगढ़ में एक-एक की व्यक्ति है। 1,981 नये मरीजों में से, 1,225 विभिन्न क्वारंटाइन सेंटर से हैं और शेष संक्रमित स्थानीय इलाकों से हैं।
