ओडिशा: राजधानी में घुसने से पहले ही सैकड़ों किसान गिरफ्तार
नव निर्माण किसान संगठन के प्रदर्शन को देखते हुए सभी मार्ग को पुलिस ने सील कर दिया और किसानों को गिरफ्तार कर उन्हें राजधानी में नहीं घुसने दिया।
भुवनेश्वर, जेएनएन। प्राइस, प्रेस्टिज एवं पेंशन यानी तीन पी की मांग को लेकर नवनिर्माण किसान संगठन के बैनर के नीचे विधानसभा घेराव करने आ रहे किसानों को एक बार फिर निराश होना पड़ा है। विधानसभा के सामने धरना स्थल पर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए राजधानी में प्रवेश करने से पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। खबर के मुताबिक राजधानी के विभिन्न मार्ग से लगभग 500 से अधिक किसानों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक विधानसभा का बजट सत्र इन दिनों चल रहा है। ऐसे में नव निर्माण किसान संगठन अपनी पुरानी मांग को लेकर बुधवार को विधानसभा घेराव करने का निर्णय लिया था। हालांकि किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए एक बार फिर राजधानी में प्रवेश करने वाले सभी मार्ग को पुलिस ने सील कर दिया और किसानों को चुन चुन कर गिरफ्तार करते हुए उन्हें राजधानी में नहीं घुसने दिया है।
खबर के मुताबिक पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन को सील कर दिया था। किसी भी वाहन की बिना जांच किए राजधानी में नहीं जाने दिया गया। भुवनेश्वर डीसीपी अनूप साहू ने कहां है कि आर्थिक अवरोध रोकने के लिए किसानों को गिरफ्तार किया गया है।