Odisha Weather Update: ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत
Odisha Weather Update मौसम विभाग ने उत्तर ओडिशा एवं तटीय ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और मछुआरों को भी समुद्र से दूर रहने की सलाह दी है। दरअसल बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र गहरे दबाव में तब्दील हो गया है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र गहरे दबाव में तब्दील हो गया है। आज अपराह्न में सागर द्वीपपुंज एवं बांग्लादेश खेपुपड़ा के बीच यह स्थल भाग से टकराएगा। इसके प्रभाव से उत्तर ओडिशा एवं तटीय ओडिशा में भारी बारिश होने की चेतावनी मौसम विभाग की तरफ से जारी गई है।
क्षेत्रीय मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगोप सागर में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र पारादीप से 90 किमी. दूर है जबकि पश्चिम बंग सागर द्वीप से 170 किलोमीटर दूर है। यह उत्तर-पूर्व दिशा में 10 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से गति कर रहा है। इसके प्रभाव को देखते हुए प्रदेश सभी बंदरगाह में 3 नंबर खतरे का निशान जारी किया गया है। समुद्र अशांत रहने से मछुआरों को समुद्र में ना जाने की हिदायत दी गई है।