Move to Jagran APP

ओडिशा पर चक्रवाती तूफान तितिली का खतरा बढ़ा, कई इलाकों में रेड अलर्ट

ओडिशा में चक्रवाती तूफान की सम्भावना बढ़ गई है, जिसका नाम तितिली रखा गया है।

By BabitaEdited By: Published: Tue, 09 Oct 2018 12:01 PM (IST)Updated: Tue, 09 Oct 2018 12:05 PM (IST)
ओडिशा पर चक्रवाती तूफान तितिली का खतरा बढ़ा, कई इलाकों में रेड अलर्ट
ओडिशा पर चक्रवाती तूफान तितिली का खतरा बढ़ा, कई इलाकों में रेड अलर्ट

भुवनेश्वर, जेएनएन। ओड़िशा के ऊपर चक्रवाती तूफान की सम्भावना बढ़ गई है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे चक्रवात का रूप धारण करने लगा है, जिसका नाम तितिली रखा गया है। मौसम विभाग की तरफ से तटीय जिलों में पहले जहां 50 से 60 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहने का अनुमान किया गया था, वहीं आज सुबह 80 से 90 किमी. की रफ्तार से हवा चलने के साथ भारी बारिश की सम्भावना जतायी गई है। संभावित चक्रवाती तूफान को देखते हुए सभी जिला में अलर्ट जारी कर दिया गया है। खासकर पुरी, गजपति, केन्द्रापड़ा, जगतसिंहपुर जिला में रेड अलर्ट जारी किया गया है। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। 

loksabha election banner

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह के समय 12 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से चक्रवात तूफान तितिली गोपालपुर बंदरगाह की तरफ आगे बढ़ रहा था, जो कि आज सुबह तक गोपालपुर बंदरगाह से 560 किमी. दूरी पर है। तटीय जिलों में रहने वाले स्थानीय लोगों का मानना है कि चक्रवाती तूफान का लक्षण आज आज सुबह से ही देखने को मिल रही है। ठंडी पवन चल रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार रात 8 से 8:30 बजे से रेड अलर्ट जारी किए गए उक्त चार जिलों में भारी से भारी बारिश शुरू हो जाएगी। इसके प्रभाव से नदियों में बाढ़ की सम्भावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में सरकार की तरफ से सभी अधिकारियों को हेडक्वार्टर में रहने का निर्देश जारी कर दिया गया है। राहत एवं बचाव के लिए 300 नाव को तैयार रखा गया है। विभिन्न जिलाधीशों को यह नाव दे दी गई है और नाविकों के साथ तैयार रहने को कहा गया है। आश्रय स्थल को तैयार रखने का निर्देश जारी कर दिया गया है। 

मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की हिदायत देते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। 10 एवं 11 अक्टूबर को राज्य भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 10 अक्टूबर की रात को 100 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से भी पवन चलने का पूर्वानुमान मौसम विभाग की तरफ से लगाया गया है। 

चक्रवाती तूफान की सम्भावना को देखते हुए राज्य सरकार की तरफ से भी तैयारी शुरू कर दी गई है। सभी जिलाधीशों को जरूरत के हिसाब से तैयार रहने को निर्देश जारी किया गया है। सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.