Heavy Rain in Odisha: भारी बारिश के बाद ओडिशा में बंद हुए स्कूल, इन 12 जिलों में जारी हुआ Red Alert
Heavy Rain in Odisha ओडिशा में भारी बारिश के बाद 12 जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। इन जिलों में रेड अलर्ट जारी होने के बाद ये कदम उठाया गया है। पिछले 24 घंटे में पुरी में सर्वाधिक 341 मिमी. बारिश रिकार्ड की गई है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। कम दबाव के प्रभाव से राज्य में हो रही भारी बारिश (Heavy Rain in Odisha) को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। 12 जिले में मौजूद तमाम स्कूलों को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। रेड अलर्ट (Red Alert) वाले इन जिलों में सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। यह जानकारी सोमवार को शिक्षा मंत्री समीर दास ने दी है। बारिश बढ़ने की सम्भावना होने से सोमवार एवं मंगलवार दो दिन के लिए स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। पुरी, खुर्दा, कटक, जगतसिंहपुर, केन्द्रापड़ा, ढेंकानाल एवं नयागड़ जिले में भारी से भारी बारिश (Heavy Rain) होने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सम्बलपुर, देवगड़, अनुगुल, सोनपुर तथा बरगड़ जिले में भी विशेष राहत आयुक्त ने रेड अलर्ट जारी किया है।
पुरी में सर्वाधिक बारिश रिकार्ड
जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे में पुरी में सर्वाधिक 341 मिमी. बारिश रिकार्ड की गई है। पारादीप में 129 मिमी., भुवनेश्वर में 195 मिमी., गोपालपुर में 66 मिमी., चांदबाली में 46 मिमी., बालेश्वर में 24 मिमी. बारिश रिकार्ड की गई है। अगले 24 घंटे में भी सम्बलपुर, देवगड़, अनुगुल, सोनपुर एवं बरगड़ जिले में भारी से अति भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 24 घंटे में 120 मिमी. से 200 मिमी. तक बारिश होने की सम्भावना है। उसी तरह से बलांगीर, झारसुगुड़ा, सुन्दरगड़, बौद्ध, केन्दुझर, ढेंकानाल एवं कटक जिले में भारी बारिश के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही मछुआरों को समुद्र में ना जाने की हिदायत दी गई है।
खबर के मुताबिक पिछले 6 घंटे से प्रति 5 किमी. की रफ्तार से स्थल भाग की तरफ कम दबाव का क्षेत्र गति कर रहा है। धीरे-धीरे यह पूर्व पश्चिम एवं उत्तर पश्चिम दिशा की तरफ गति कर उत्तर ओडिशा, उत्तर छत्तीसगढ़ की तरफ गति करेगा। आगामी 48 घंटे में यह मध्य प्रदेश की तरफ गति करेगा। अगले 24 घंटे में यह कमजोर होकर डिपडिप्रेशन (अवपात) में तब्दील होने की जानकारी मौसम विभाग की तरफ से दी गई है। इसके प्रभाव से पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। ऐसे में मौसम विभाग से मिली सूचना एवं लगातार हो रही बारिश को देखते हुए शिक्षा विभाग ने रेड अलर्ट वाले तमाम जिलों के स्कूलों में दो दिन कि लिए छुट्टी घोषित कर दी है।