इस राज्य में बाढ़ से नौ जिलों के हालात खराब, तीन दिन बाद फिर होगी भारी बारिश
ओडिशा के नौ जिलों में बाढ़ से हालात खराब हैं इस दौरान 2081 घर टूट गए हैं जबकि 14322 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। राज्य के कई जिलों में बाढ़ से हालात खराब है। राज्य सरकार की ओर जारी रिपोर्ट के मुताबिक बाढ़ से नौ जिलों के एक लाख 30 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें रायगढ़ा, कोरापुट, नवरंगपुर, कंधमाल, गजपति, मलकानगिरी, कलाहांडी, बलांगीर, संबलपुर जिला शामिल हैं। राहत कार्य जारी है।
राजस्व एवं आपदा संचालन विभाग से मिली सूचना के मुताबिक कलाहांडी में सर्वाधिक 12 ब्लाक, रायगढ़ा में 11, मलकानगिरी में छह ब्लाक, कंधमाल में पांच ब्लाक, कोरापुट एवं नवरंगपुर में 3-3 ब्लाक, गजपति, बलांगीर एवं संबलपुर जिले के 1-1 ब्लाक बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उसी तरह से कलाहांडी जिले में बाढ़ से सर्वाधिक 90162 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं तो रायगड़ा में 14645, नवरंगपुर में 9120, मलकानगिरी में 9255 एवं कुल मिलाकर 43 ब्लाक से एक लाख 30 हजार 72 लोग प्रभावित हुए हैं।
इस दौरान 2081 घर टूट गए हैं जबकि 14322 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। 95 राहत शिविर में लोगों को मुफ्त में खाद्य मुहैया किया जा रहा है। बाढ़ के कारण अब तक विभिन्न जगहों से तीन लोगों की मौत होने के साथ दो लोगों के लापता होने की सूचना है।
प्रदेश में तीन दिन बाद फिर होगी बरसात
बंगाल की खाड़ी में बने कम दवाब क्षेत्र के चलते राज्य के कई हिस्सों में लगातारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। फिलहाल बारिश रुकने से स्थिति में सुधार हो रहा है। वहीं, राज्य के दक्षिणी हिस्से में अब भी कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। हालांकि बाढ़ की स्थिति सुधार हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि दो तीन दिन तक आसमान साफ रहेगा और ज्यादा बारिश नहीं होगी। पर उसके बाद
फिर से तेज बारिश की संभावना है। वैसे इस साल राज्य के कई इलाके में अनुमान से कम बारिश दर्ज की गई है।
भुवनेश्वर स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने जानकारी दी है कि 12 अगस्त के बाद फिर से बारिश होगी। विभाग के अनुसार कम दवाब के क्षेत्र बनने से बारिश होगी। कई दिनों के बाद हीराकुद जलभंडार में जलस्तर लगातार बढ रहा है। राज्य की लाइफ लाइन कही जाने वाली महानदी के उपरी हिस्से में तेज बारिश के कारण जलभंडार का जलस्तर 607.96 फीट तक जा पहुंचा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मानसून सक्रीय रहने के चलते कई जगह पर छिटफुट बारिश होगी लेकिन 12 अगस्त तक बड़ी वर्षा की कोई संभावना नहीं है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप