बारिश का सिलसिला जारी, कई नदियां उफनाई
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक इसी तरह से बारिश का दौर जारी रहने की बात कही है।
भुवनेश्वर (ओडिशा), जेएनएन। सूबे में पिछले कई दिनों से हो रही झमाझम बारिश से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने लगा है। बारिश का सिलसिला जारी रहने से कई नदियां उफना गई हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक इसी तरह से बारिश का दौर जारी रहने की बात कही है। उधर, खुर्दा जिले में दीवार गिरने से पिता और पुत्र की मौत हो गई।
राजधानी भुवनेश्वर सहित कटक, पुरी में भी मंगलवार सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कहा कि समुद्र अशांत है। इस कारण मछुआरे या पर्यटक समुद्र के अंदर जाने से बचें। चांदबाली, बारिपदा और केन्दुझर में बारिश के कारण उत्तरी ओडिशा की कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। चन्दनपुर, बारिपदा, बालिमुण्डुली, गोविन्दपुर में बूढ़ा बलंग नदी तो खतरे के निशान के आसपास है।
इसके अलावा दक्षिण ओडिशा के भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश की खबर है। वंशधारा नदी का जलस्तर गुडारी और गुणुपुर में लगातार बढऩे से प्रशासन अलर्ट हो गया है। गत 24 घंटे के दौरान पुरी में सर्वाधिक 101 मिमी, मालकानगिरी में 76 मिमी और टिटिलागढ़ में 58 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। उधर, खुर्द जिले के मणिबंधन आदिवासी साही में लगातार बारिश से घर की दीवार सोमवार देर रात ढह गई। घर में सो रहे पिता व पुत्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश देहुरी (45) और सुसन (10) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: ओडिशा में फिर मंडराया बाढ़ का खतरा