Cyclone Amphan: एम्फन से ओडिशा में भारी तबाही, 45 लाख लोग प्रभावित; सीएम ने किया हवाई सर्वेक्षण
Cyclone Amphan तूफान से यहां पांच जिलों के 89 ब्लॉक प्रभावित हैं जिनमें बिजली से लेकर सड़क पर आवागमन तक ठप पड़ा है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। Cyclone Amphan: सुंदरवन तट से बुधवार को टकराए चक्रवाती तूफान एम्फन से ओडिशा में 44.80 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि अबतक दो लोगों की मौत हो चुकी है। व्यापक पैमाने पर हुई जान-माल की क्षति के साथ साथ यहां तूफान के कारण एक लाख हेक्टेयर जमीन में लगी फसलें भी बर्बाद हो चुकी हैं। तूफान से यहां पांच जिलों के 89 ब्लॉक प्रभावित हैं, जिनमें बिजली से लेकर सड़क पर आवागमन तक ठप पड़ा है। गुरुवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एम्फन से प्रभावित जिलों केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालेश्वर, मयूरभंज के कई इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर जायजा लिया। मुख्य सचिव असित त्रिपाठी ने तूफान के कारण उपजी स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि चक्रवात के कारण ओडिशा के 89 ब्लॉक प्रभावित हुए हैं। वहीं 1500 पंचायतों और 6745 गांवों के 44 लाख 80 हजार लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। दूसरी ओर एहतियात के तौर पर तूफान आने के पहले से ही 3288 आश्रय स्थल में 2 लाख 400 लोगों को स्थानांतरित किया जा चुका है। मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य के 5 जिलों के 89 ब्लॉक तूफान से प्रभावित हुए हैं। इनमें चार जिले केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालेश्वर, जगत¨सहपुर में ज्यादा क्षति हुई है। इन जिलों में बड़े-बड़े पेड़ धराशायी होने के साथ बड़ी संख्या में कच्चे मकान ढह गए हैं, जबकि सैकड़ों घरों के छप्पर उड़ गए हैं।
सरकार ने नुकसान का आकलन कर जिलाधीशों को रिपोर्ट देने के लिए निर्देश जारी किया है। मुख्य सचिव असीत त्रिपाठी ने कहा है कि सड़कों पर आवागमन प्रक्रिया को ठीक करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है। एक से दो दिन के अंदर बिजली सेवा को बहाल कर दिया जाएगा। गुरुवार को लगभग 80 फीसद इलाकों में बिजली बहाल कर दी गई है। दो दिन में कृषि से संबंधित हुए नुकसान का सटीक आकलन करने की बात मुख्य सचिव ने कही है।