Odisha News: भुवनेश्वर में 29 मार्च को निकलेगी भगवान लिंगराज की भव्य रुकुना रथयात्रा, तैयारियां पूरी
ओडिशा में भगवान लिंगराज की भव्य रुकुना रथ यात्रा 29 मार्च 2023 यानी बुधवार को भुवनेश्वर में निकाली जाएगी। इसके लिए सभी प्रकार की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस रथ को खींचने के लिए पुलिस बल की 12 प्लाटून तैनात की जाएंगी।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा में भगवान लिंगराज की भव्य रुकुना रथ यात्रा 29 मार्च 2023 यानी बुधवार को भुवनेश्वर में निकाली जाएगी। इसके लिए सभी प्रकार की तैयारी पूरी कर ली गई है।
12 प्लाटून की मदद से खींचा जाएगा रथ
इस रथ को खींचने के लिए पुलिस बल की 12 प्लाटून तैनात की जाएंगी। रथयात्रा शांतिपूर्ण ढंग से निकले इसके लिए मंदिर के सभी अधिकारियों और प्रशासन के साथ बैठक संपन्न हो गई है। रथ खींचने की प्रक्रिया बुधवार को दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगी।
पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के साथ अन्य संबंधित व्यवस्थाएं भी की गई हैं जिनमें पानी वितरित करना शामिल हैं।रथ के ऊपर अश्लील गाने बजाने पर भी रोक लगाने का अनुरोध किया गया है। यातायात व्यवस्था को भी शीघ्र ही अधिसूचित किया जाएगा।
वाहनों का होगा डायवर्जन
सड़कों पर भीड़भाड़ से बचने के लिए वाहनों को कुछ मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा, क्षेत्र में और उसके आसपास कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो अतिरिक्त डीसीपी, छह एसीपी, 12 निरीक्षक, 50 एएसआई तैनात किए जाएंगे।
चैत्र के महीने में होने वाली अशोकाष्टमी के दिन ओडिशा में भगवान लिंगराज की रथ यात्रा मनाई जाती है।
यह त्योहार पांच-सात दिनों तक चलता है। इस त्योहार को 'पाप बिनाशकरी यात्रा' माना जाता है जिसका अर्थ है सभी बुराई और पापों को नष्ट करने वाला त्योहार।
रुकुना रथ को 'अनल्युत' रथ भी कहा जाता है, क्योंकि वापसी यात्रा के दौरान रथ कोई मोड़ नहीं लेता है। देवताओं की वेदियों की दिशा बदल जाती है और रथ को विपरीत दिशा से खींचा जाता है।