श्रेष्ठ 100 में ओडिशा के चार शिक्षानुष्ठान
ओवरआल रैंकिंग में ओडिशा से शिक्षा व अनुसंधान विश्व विद्यालय (सोया) को 38वां स्थान मिला है, जबकि एनआइटी राउरकेला को 42वां स्थान।
भुवनेश्वर, जेएनएन। भारत सरकार के मानव संसाधन मंत्रालय द्वारा की गई नेशनल इंस्टीट्यूट रैंकिंग फ्रेमवाक (एनआइआरएफ) 2018 में ओडिशा से टाप 100 में 4 शिक्षा अनुष्ठान को जगह मिली है। इसमें से दो निजी शिक्षानुष्ठान हैं, जबकि दो सरकारी शिक्षानुष्ठान शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार ओवरआल रैंकिंग में ओडिशा से शिक्षा व अनुसंधान विश्व विद्यालय (सोया) को 38वां स्थान मिला है, जबकि एनआइटी राउरकेला को 42वां स्थान एवं आइआइटी भुवनेश्वर को 51वां स्थान तथा कलिंग इंस्टीट्यूट इंडस्ट्रीयल टेक्नोलाजी (कीट) को 65वां स्थान मिला है। इनके लिए निर्धारित 100 नंबर में से सोया 49.59 नंबर रखा है, जबकि एनआइटी राउरकेला ने 48.62 नंबर, आइआइटी भुवनेश्वर 47.07 नंबर एवं कीट 44.81 नंबर हासिल किए हैं।
वर्ष 2018 साल की इस सूची में स्थान पाने के लिए देश के चार हजार विश्वविद्यालय एवं अनुष्ठान आवेदन किए थे। इनमें से 100 श्रेष्ठ शिक्षानुष्ठान को लेकर सूची प्रकाशित की गई है। देश के सभी वर्ग के शिक्षानुष्ठान जैसे कि इंजीनियरिंग फार्मेसी मैनेजमेंट, मेडिकल, आर्किटक्चर, कानून एवं सामान्य विश्वविद्यालय तथा कॉलेज को शामिल किया गया था। उसी तरह वर्ष 2018 में विभिन्न श्रेणी के शिक्षानुष्ठानों को लेकर भी केंद्र मानव संसाधन विकास मंत्रालय विभिन्न विभाग आधारित राष्ट्रीय शिक्षानुष्ठान सूची भी प्रकाशित किया है। तकनीकी शिक्षानुष्ठान राष्ट्रीय सूची में राउरकेला के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलाजी को 15वां स्थान, भुवनेश्वर आइआइटी को 18वां स्थान, कलिंग इस्टीट्यूट आफ इंडस्ट्रीयल टेक्नोलाजी को 51वां स्थान जबकि सीवी रमण कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को 89वां स्थान मिला है। उसी तरह अग्रणी विश्वविद्यालय सूची में शिक्षा व अनुसंधान को 24वां, कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रीयल टेक्नोलाजी (कीट) को 42वां, ओडिशा कृषि एवं तकनीकी विश्वविद्यालय को 91वां स्थान मिला है।
मैनेजमेंट शिक्षानुष्ठान श्रेणी में प्रथम पचास में कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रीयल टेक्नोलाजी को 30वां स्थान मिला है एवं जेवियर विश्वविद्यालय को 36वां स्थान मिला है। लगातार तीसरी बार तकनीकी शिक्षानुष्ठान राष्ट्रीय सूची में श्रेष्ठ 100 इंजीनियरिंग कॉलेज में स्थान मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए सीवी रमण इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन संजीव कुमार राउत ने कहा कि इस साल पूरे देश से 1106 कॉलेजों ने रैकिंग के लिए आवेदन किया था।
सीवी रमन इंजीनियरिंग कॉलेज अपनी श्रेष्ठ इंडस्ट्री लिंक शिक्षा प्रणाली, शिक्षकों के पब्लिकेशन, उद्योगों द्वारा स्थापित होने वाले बेहतर केंद्र मेधावी एवं गरीब छात्रों के लिए प्रशंसनीय स्कॉलरशिप प्रोग्राम, इस कॉलेज के विभिन्न औद्योगिक संस्थाओं में काम करने वाले छात्र-छात्राओं के सराहनीय प्रदर्शन, पिछले तीन साल के नियुक्ति एवं छात्रछात्राओं की उच्च शिक्षा की सफलता को विचार कर यह रैंकिंग दी गई है। राउत ने कहा कि इस साल से कॉलेज में पीएचडी प्रोग्राम के भी शुरू होने की संभावना है। इससे भविष्य में कॉलेज की रैंकिंग में और सुधार होगा। वर्तमान समय में प्रतिकूल परिस्थिति होने के बावजूद सीवी रमन इंजीनियरिंग कॉलेज का टॉप 100 में शामिल होना हम सब के लिए गौरव की बात है।