Coronavirus In Odisha: ओडिशा में चार और नये कोरोना मामलों की पुष्टि, संक्रमितों की संख्या 48
Coronavirus in Odisha ओडिशा में वीरवार को चार नये कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है इसके बाद यहां सक्रमितों की संख्या 48 हो चुकी है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। ओडिशा में वीरवार को कोरोना के चार और नये मामले सामने आये हैं। यहां पिछले 48 घंटे में कुल छह पॉजिटिव मामले आये हैं। यह जानकारी राज्य सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने ट्वीट कर दी है। उल्लेखनीय है कि इसे मिलाकर राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 48 हो चुकी है। इससे पूर्व वीरवार दोपहर के समय दो नये मामले सामने आये थे और देर रात को राज्य सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने और चार कोरोना संक्रमित होने की जानकारी ट्वीट कर दी है। वीरवार को कुल 408 नमूना परीक्षण किये गये थे, जिसमें से 406 रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि छह संक्रमित मरीज पाए गए हैं।
प्रदेश में अब तक 3249 लोगों का नमूना परीक्षण किया गया है जिसमें से 3201 नमूना नेगेटिव आये हैं एवं 48 नमूने पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से एक की मौत हो चुकी है और दो स्वस्थ होकर घर लौट गये हैं। राज्य में इस समय कुल 45 संक्रमित मरीज का विभिन्न अस्पताल में इलाज चल रहा है।