ओडिशा में एक सप्ताह में चार किसानों ने की आत्महत्या
कर्ज के बोझ व फसल बर्बाद हो जाने पर उठाया कदम- नाकाफी साबित हो रही हैं राज्य सरकार की योजनाएं।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा में एक सप्ताह के दौरान चार किसानों ने आत्महत्या कर ली। राज्य सरकार की तमाम योजनाएं इन किसानों के लिए नाकाफी साबित हो रही हैं। पिछले दिनों ओडिशा विधानसभा में बरगड़ में किसान द्वारा आत्महत्या करने की घटना को लेकर जमकर बवाल हुआ था। बरगड़ जिले के मलमण्डा गांव के किसान इन्द्र बरिहा (32) ने कर्ज तले दबे होने एवं फसल बर्बाद हो जाने के चलते 22 अक्टूबर को कीटनाशक पी लिया था। 25 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई थी।
जलगड़ गांव में किसान बुडेक ने भी कर्ज के बोझ के चलते 27 अक्टूबर को आत्महत्या कर ली थी। बरगड़ जिले के ही तोरा गांव के अक्षय धरेई नामक किसान ने धान की फसल बर्बाद हो जाने के चलते 30 अक्टूबर को आत्महत्या कर ली थी। बरगड़ जिले के कलापाणी गांव के किसान वृंदावन साहू ने बर्बाद हो चुकी धान की फसल के सदमे के चलते बुधवार को अपने खेत में कीटनाशक दवा पी खुदकशी कर ली।
यह भी पढ़ें: फुटपाथ पर रहने वाली नाबालिग हुई सात माह की गर्भवती