पूर्व केंद्र मंत्री चैतन्य प्रसाद मांझी का निधन
पूर्व केंद्र मंत्री तथा वरिष्ठ आदिवासी नेता डॉक्टर चैतन्य प्रसाद मांझी का निधन, 90 वर्षीय आदिवासी नेता ने भुवनेश्वर स्थित कैपिटल अस्पताल में अंतिम सांस ली।
भुवनेश्वर, जेएनएन। पूर्व केंद्र मंत्री तथा वरिष्ठ आदिवासी नेता डॉक्टर चैतन्य प्रसाद मांझी का सोमवार को निधन हो गया है। भुवनेश्वर स्थित कैपिटल अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। मृत्यु के समय उनकी उम्र 90 साल थी।
पिछले कुछ दिनों से वह वृद्धावस्था के कारण बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे। 19 नवंबर 1929 को उनका जन्म हुआ था। 1972 में कांग्रेस पार्टी से वह राज्यसभा के लिए चुने गए थे। इसके बाद वह तेल एवं रसायन मंत्री बने थे। वह राज्य विधान सभा के लिए भी चुने गए थे और स्वर्गीय बीजू पटनायक के मंत्रिमंडल में वह शिक्षा मंत्री बने थे। 1979 से 1985 तक वह ओपीएससी के सदस्य थे।
स्वर्गीय माझी दिल्ली स्थित ऑल इंडिया ट्राइबल लिटेरारी फोरम के सदस्य भी थे। उन्होंने जनजाति भाषा एवं संस्कृति को लेकर एक किताब भी लिखी थी। बीजद सांसद सरोजनी हेंब्रम स्वर्गीय चैतन्य प्रसाद माझी की बेटी है। स्वर्गीय माझी के निधन की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ कई नेताओं ने शोक प्रकट किया है।