मंत्री की बात से किसान नाराज, सड़क पर धान रखकर पथावरोध
बरगढ़ जिले के गोडभगा में किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर धान के बोरे रखकर अपना विरोध प्रकट किया हे।
संसू, भुवनेश्वर : बरगढ़ जिले के गोडभगा में किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर धान के बोरे रखकर अपना विरोध प्रकट किया है। मंत्री के द्वारा टोकन व्यवस्था जारी रखने की बात कहे जाने के बाद किसानों में नाराजगी और बढ़ गई है। किसानों का आरोप है कि टोकन के जरिए सरकार को धान बेचने की प्रक्रिया गलत व्यवस्था है। कांग्रेस ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान किसानों के धान बिक्री का मामला उठाया। किसानों का आरोप है कि मंडियों में लाखों बोरा धान पड़ा हुआ है। इसकी खरीद को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। किसानों ने अपनी मांग को लेकर हर विभाग के चक्कर काटे लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हर 6 महीने में सरकार की नीतियां बदल रही है जिससे किसानों को काफी दिक्कत हो रही है। किसानों का कहना है कि हमने हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। सरकार तुगलकी शासन चला रही है। अपनी समस्या को लेकर किसान हमेशा चर्चा करते हैं लेकिन बुधवार को 12 घंटे का बंद किया गया फिर भी सरकार का कोई भी प्रतिनिधि उनसे चर्चा के लिए नहीं आया।