चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर
राजधानी भुवनेश्वर सहित पूरे राज्य में मां दुर्गा की षष्ठी पूजा के साथ दशहरा पर्व शुरू हो गया है।
जेएनएन, भुवनेश्वर/कटक : राजधानी भुवनेश्वर सहित पूरे राज्य में मां दुर्गा की षष्ठी पूजा के साथ दशहरा उत्सव शुरू हो गया है। भुवनेश्वर-कटक ट्वीन सिटी में दशहरा पर्व शंातिपूर्ण संपन्न करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस की ओर से पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राजधानी में जगह-जगह बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच करने समेत यातयात नियम का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूल किया जा रहा है। पूजा में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने, शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए 35 प्लाटून पुलिस बल, 250 अधिकारी, 500 कांस्टेबल, 200 से अधिक होमगार्ड तैनात किए जाने की जानकारी पुलिस कमिश्नर सत्यजीत महांती ने दी है।
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, पूजा में मां का दर्शन करने आने वालों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो, इसके लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं। प्रथम श्रेणी के पूजा पंडालों में एक सेक्शन पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी के पूजा पंडालों में भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अन्य पूजा पंडालों में स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य यातायात पुलिस की मदद करेंगे।
कटक में वन वे किया गया ट्रैफिक
कटक शहर में भी मां दुर्गा की पूजा सोमवार षष्ठी पूजा से शुरू हो गई है, जोकि 19 अक्टूबर तक चलेगी। ऐसे में श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर कानून व्यवस्था को बनाए रखने पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 15 से 19 अक्टूबर तक चलने वाली दुर्गा पूजा के दौरान शहर में 45 प्लाटून पुलिस बल तैनात किया गया है। 20 अक्टूबर को विसर्जन के दिन शहर में 60 प्लाटून सुरक्षा बल तैनात रहेगा। जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में कमिश्नरेट पुलिस की अंतिम सुरक्षा तैयारी बैठक में पुलिस कमिश्नर सत्यजीत महांती ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान एडीसीपी एवं एएसपी रैंक के 7 अधिकारियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। डीएसपी एवं एसीपी रैंक के 49, इंस्पेक्टर एवं सूबेदार रैंक के 58, एसआइ एवं एएसआइ स्तर के 367, हवलदार 58, कांस्टेबल 541, महिला कांस्टेबल 36 तथा 700 होमगार्ड दुर्गोत्सव में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। विसर्जन के दौरान 3 प्लाटून सीआरपीएफ, 3 प्लाटून रैपिड एक्शन फोर्स लगायी जाएगी। विभिन्न पूजा कमेटी के सदस्यों को भी पुलिस की मदद करने को कहा गया है। इसके अलावा बम स्क्वायड, रूफ टाप पुलिस, क्यूएटी एवं स्विफ्ट बल भी सुरक्षा में मुस्तैद रहेगा। शहर के 24 चांदी झांकी वाले पंडालों में सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया गया है। शहर के करीब 36 जगहों पर पुलिस प्रशासन की तरफ से सीसीटीवी लगाई गई है। इस दौरान सादे पोशाक में भी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पूजा के लिए सोमवार से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सोमवार से शुक्रवार तक शहर में वन-वे टै्रफिक व्यवस्था लागू कर दी गई है। अपराह्न 4 बजे से लेकर रात 12 बजे तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी। यातायात व्यवस्था में कुल 6 प्लाटून पुलिस बल एवं 100 अधिकारी विभिन्न जगहों पर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा डाग स्क्वायड, बम स्क्वायड एवं एंटी टेरीरिस्ट स्क्वायड को भी पूजा के दौरान तैयार रहने को कहा गया है। बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर संजय ¨सह, कटक डीसीपी अखिलेश्वर ¨सह आदि मौजूद थे।