धान खरीद को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस
राज्य में खुलीं मंडियों में धान की खरीद नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अब सड़क पर उतर आयी है।
जेएनएन, भुवनेश्वर : राज्य में खुलीं मंडियों में धान की खरीद नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अब सड़क पर उतर आयी है। कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रदीप माझी के नेतृत्व में मलकानगिरी से आंदोलन शुरू किया गया है। सोमवार को जिलाधीश कार्यालय के सामने धान की बोरियां रखकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद माझी की अगुवाई में धरना शुरू किया है। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिले में मंडी खोले तीन महीने हो गया। बावजूद इसके धान की खरीदारी नहीं हो पायी है। किसान ठंड में बैठकर परेशान हो रहा है। इसे लेकर किसान बार बार प्रशासन को बता रहे हैं, मगर कोई सुनने वाला नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने मंडी से धान की खरीदारी न होने तक अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
इस मौके पर पूर्व सांसद प्रदीप माझी ने कहा कि जिले में किसानों का 60 प्रतिशत धान मंडी में पड़ा हुआ है। सरकार धान नहीं खरीद रही है। इससे किसान परेशान हो रहे हैं। 10 फरवरी तक सभी मंडी से धान खरीदने की प्रक्रिया खत्म नहीं हुई तो कांग्रेस जिला कमेटी की तरफ से जिलाधीश कार्यालय के सामने धरना देने की चेतावनी दी गई थी। इस समय के दौरान किसानों के धान की खरीद न होने से कांग्रेस ने यह कदम उठाया है। जिला की सभी मंडियों से जल्द से जल्द धान की खरीद न होने से आगामी दिनों किसान आंदोलन करने की चेतावनी कांग्रेस ने दी है।