अश्विनी के नाम पर नहीं हुआ कोई गुप्त समझौता : प्रधान
आवश्यक संख्या होने के बावजूद बीजू जनता दल ने भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार अश्विनी वैष्णव को समर्थन करने के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
जासं, भुवनेश्वर : आवश्यक संख्या होने के बावजूद बीजू जनता दल ने भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार अश्विनी वैष्णव को समर्थन करने के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस डील में कार्पोरेट लाबी होने की बात कही जा रही है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को इस पर अपनी राय दी है। प्रधान ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को बीजद की तरफ से समर्थन करने को लेकर किसी प्रकार का कोई गुप्त समझौता नहीं हुआ है, बल्कि खुले तौर पर इसके लिए चर्चा की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अश्विनी वैष्णव को समर्थन करने के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया था। नवीन पटनायक ने उसे मान लिया है और इसीलिए वह समर्थन कर रहे हैं। जनतंत्र में कई बार आपसी समझौते की जरूरत होती है। राज्यहित के लिए एवं विकास के लिए यह समझौता हुआ है। प्रधान ने कहा कि इससे राज्य का विकास होगा। अश्विनी एक कुशल प्रशासक रह चुके हैं उन्हें समर्थन कर मुख्यमंत्री ने अच्छी परंपरा बनायी है। इससे किसको लाभ होगा और किसको नुकसान होगा, वह समय निर्धारित करेगा।
उल्लेखनीय है कि ओडिशा में रिक्त तीन राज्यसभा सीट के लिए शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घोषणा की थी। बीजद आइटी सेल के मुख्य अमर पटनायक, प्रवक्ता सस्मित पात्र एवं बीजद समर्थित भाजपा उम्मीदवार अश्विनी को राज्यसभा भेजने की मुख्यमंत्री ने घोषणा की है।