धर्मेंद्र प्रधान ने नवीन पटनायक पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि तीसरी मंजिल किसी की व्यक्तिगत जागीर नहीं है, यह साढ़े चार करोड़ ओड़िआ के आशा एवं विश्वास का केंद्र है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर सीधा हमला किया है। कटक जिला के बड़ंबा में आयोजित मिश्रण समारोह में उपस्थित हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तीसरी मंजिल किसी की व्यक्तिगत जागीर नहीं है, यह साढ़े चार करोड़ ओड़िआ के आशा एवं विश्वास का केंद्र है। इसे मुक्त करने के लिए पूरे राज्य में जनआंदोलन शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा पिछले चार साल का हिसाब जो हमने दिया है क्या वह गलत है।
प्रधान ने कहा कि इसका जवाब हम बीजद से नहीं बल्कि राज्य के प्रशासनिक अधिकारी या फिर खुद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से देने को चुनौती दे रहे हैं। मिश्रण समारोह में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अशोक त्रिपाठी समेत बड़ंबा इलाके के सैकड़ों लोग भाजपा में शामिल हुए। प्रधान ने कहा कि बीजद के मंच से मोदी सरकार के अवदान के हिसाब को गलत कहना एवं किए गए आह्वान को मैं स्वीकार करता हूं। बीजद नेताओं की तकलीफ को मैं समझ रहा हूं। ये नेता तीसरी मंजिल से घोषित शब्द के पारा हैं। प्रधान ने कहा कि तीसरी मंजिल से जारी शब्द को मीडिया के सामने कहने को बीजद के नेता मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि प्रताप देव, प्रताप जेना, संजय दासवर्मा, अरुण साहू जैसे सवाल करने वाले बीजद नेताओं का मैं आह्वान करता हूं। चाय पीते-पीते मैं सभी सवालों का जवाब दे दूंगा। मैं इन नेताओं के मन की व्यथा को मैं अच्छी तरह से समझ रहा हूं। ये तीसरी मंजिल से घोषित शब्द के तोता (पारा) हैं। केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद 5449 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने का काम हुआ है। इसमें से अंतिम ढाई हजार किमी का राजमार्ग राज्य सरकार के विभागीय मंत्री के दफ्तर से आकर मुख्यमंत्री के कार्यालय में कितने दिनों से पड़ा हुआ है, उसका जवाब मुख्यमंत्री दें।