कलंकित हुआ गुरु-शिष्य का रिश्ता, पांच छात्राओं से दुष्कर्म में ट्यूटर गिरफ्तार
ओडि़शा में कलंकित हुआ गुरु-शिष्य का रिश्ता, ट्यूटर पर लगा पांच छात्राओं के साथ यौन संबंध रखने का आरोप।
भुवनेश्वर, जेएनएन। राज्य में गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने की एक घटना सामने आयी है। एक ट्यूटर पर पांच छात्राओं के साथ यौन संबंध रखने का आरोप लगा है। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित अविवाहित ट्यूटर रवींद्र साहू (44) को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। घटना देवगढ़ जिला के कुंडेइगोला थाना क्षेत्र की है।
कुंडेइगोला थाना क्षेत्र निवासी रवींद्र साहू अपने घर में बीते कई साल से छात्राओं को ट्यूशन पढ़ाने का काम करता था। इस बीच पिछले तीन साल में उसने पांच छात्राओं के साथ यौन संबंध बनाए। लेकिन सामाजिक लोकलाज के भय के कारण रवींद्र की करतूत उजागर नहीं हो पायी। लेकिन दो छात्राओं ने हिम्मत दिखाई तथा ट्यूटर के इस घिनौने कांड के बारे में अपने अभिभावकों को बताया।
बच्चियों से जानकारी मिलने के बाद पीड़ित छात्राओं के अभिभावकों ने ट्यूशन टीचर से इस संबंध में बात की तो वह उनसे उलझ गया और अपने का पाक-साफ बताते हुए छात्राओं को बुरा-भला करने लगा। यह खबर सामने आने के बाद एक महिला ने कुंडेइगोला थाना में लिखित शिकायत मंगलवार को की। इस आधार पर पुलिस ने बुधवार को आरोपित ट्यूटर को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। साथ ही छात्राओं का मेडिकल चेकअप करा मामले की छानबीन कर रही है।