आंध्र की खान में विस्फोट, ओडिशा के एक और श्रमिक की मौत
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपया मुआवजा देने की घोषणा की।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के हाथी बेज्जल गांव में ग्रेनाइट की खदान में विस्फोट के साथ ही आग लगने की घटना में घायल ओडिशा के एक और श्रमिक पांडव लेंका की मौत हो गई। इस दुर्घटना में अबतक ओडिशा के पांच श्रमिकों की मौत हो चुकी है। इस घटना में शुक्रवार को अपनी जान गंवाने वाला श्रमिक गंजाम जिले के रंभा पुलिस थाना क्षेत्र के नुआगांव का निवासी था। उसका इलाज आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपया मुआवजा देने की घोषणा की। अभी ओडिशा के एक और श्रमिक रामचंद्र नायक की हालत गंभीर है। उसका इलाज कुरनूल में चल रहा है। गौरतलब है कि यह दुर्घटना गत तीन अगस्त को रात साढ़े आठ बजे हुई थी। इसमें 11 श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
विस्फोट की तीव्रती आसपास के दस गांवों ने महसूस की। इस हादसे में ओडिशा के तीन श्रमिक भीमा नायक, दुर्योधन नायक व मनोरंजन नायक की मौत हो गई थी। जबकि कई और लोग घायल हो गए थे। इनमें से राजेंद्र नायक ने सात अगस्त को अपनी अंतिम सांस ली। वहीं पांडव लेंका की शुक्रवार को मौत हो गई। इस तरह इस घटना में मरने वालों की संख्या पांच तक पहुंच गई। सभी शव को उनके गांवों तक पहुंचा दिया गया है।