गुरुद्वारा परिसर में शव मिलने से सनसनी, स्थानीय लोगों ने की तोड़फोड Bhubaneshwar News
गुरुद्वारा सिंह सभा परिसर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी मृतक हरिजन बस्ती का रहने वाला था।
भुवनेश्वर, जेएनएन। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर श्रीया चौक के पास स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा परिसर में एक युवक का शव मिलने के बाद राजधानी में सनसनी फैल गई। मृतक सुभाष नायक राजधानी के सेक्टर-तीन हरिजन बस्ती का रहने वाला था। वह गुरुद्वारा में बीते छह माह से सेवादारी का काम कर रहा था। जानकारी के मुताबिक गुरुवार अपरान्ह चार बजे गुरुद्वारा के गार्ड ने कमरे में उसका शव फंदे से लटकते देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
खारवेलनगर थाना की पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के संबंध में लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शव के पास हिंदी में लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि सुभाष नायक अनपढ़ था।
ऐसे में सुसाइड नोट लिखने का सवाल ही पैदा नहीं होता। वह ओड़िया तो लिख नहीं पाता था फिर हिंदी लिखने का सवाल कहां पैदा होता है। लोगों को आशंका है कि सुभाष की हत्या की गई है। इस घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने गुरुद्वारा परिसर में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर दिया। लोगों की मांग है कि इस घटना में जिस किसी का भी हाथ है उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। फिलहाल मौके पर उत्तेजनापूर्ण माहौल देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप