कटक में आबकारी विभाग का बड़ा क्रैकडाउन: 451 ग्राम ब्राउन शुगर संग 3 Drug Peddler गिरफ्तार, ₹45 लाख से अधिक का माल जब्त
कटक में आबकारी विभाग ने दो अलग-अलग अभियानों में 451 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 45.9 लाख रुपये है।

आबकारी विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।
HighLights
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 45.9 लाख रुपये।
तीन अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार कर जेल भेजे गए।
संस, कटक। ओडिशा के कटक जिले में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में 451 ग्राम (लगभग आधा किलो) ब्राउन शुगर जब्त की है।
बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल अनुमानित कीमत करीब 45.9 लाख रुपये (लगभग 46 लाख रुपये) आंकी गई है। इन मामलों में शामिल तीन अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फ्लाइंग स्क्वाड की कार्रवाई में 196 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त
आबकारी अधीक्षक समरजीत दास के निर्देश और उप अधीक्षक रोशन इसु हांसदा की निगरानी में आबकारी गुप्तचर एवं प्रवर्तन ब्यूरो (यूनिट-1) की टीम ने जगतपुर थाना क्षेत्र के नानकर कार्तिकेश्वर पूजा मंडप के पास छापेमारी की।
टीम ने भगतपुर निवासी 28 वर्षीय दीपक कुमार साहू को दबोचा। आरोपी के पास से 196 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 19.6 लाख रुपये), एक मोटरसाइकिल और एंड्रॉइड फोन जब्त किया गया। जब्त कुल संपत्ति की कीमत करीब 20.1 लाख रुपये बताई गई है।
कटक रूरल रेंज टीम के हत्थे चढ़े दो नशा कारोबारी
दूसरी ओर, जिला आबकारी अधीक्षक करुणा शंकर तिवारी के निर्देश और उप अधीक्षक अरूपा पाणिग्राही के मार्गदर्शन में कटक रूरल रेंज की टीम ने कटक सदर थाना क्षेत्र के गोपालपुर तारिणी गड़ा के पास छापेमारी की गई।
इस कार्रवाई में टीम ने मर्कत नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले शेख साजिद अली (33) और शमीमा बेगम (31) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 255 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत करीब 25.5 लाख रुपये), एक एक्टिवा स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
आरोपियों को भेजा गया जेल, अभियान रहेगा जारी
आबकारी विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। कटक की विशेष अदालत में पेश किए जाने के बाद अदालत ने आरोपियों की जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।
आबकारी अधिकारियों ने कहा है कि कटक जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह जीरो-टॉलरेंस अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
