मां ने जन्म देने के बाद नवजात को घूर में गाड़ दिया
बीते बुधवार को मासुरी सिंह नामक एक महिला ने अपने मायके शरत थाना अंतर्गत डीपसाही गांव में एक पुत्र को जन्म दिया था।
भुवनेश्वर, जेएनएन। मयूरभंज जिला के शरत थाना अंतर्गत डीपसाही गांव में एक अमानवीय घटना घटी है। एक मां ने जन्म देने के बाद अपने नवजात बच्चे को गोबर के घूर में गाड़ देने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत नवजात बच्चे को गोबर के घूर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। घटनाक्रम के अनुसार, बीते बुधवार को मासुरी सिंह नामक एक महिला ने अपने मायके शरत थाना अंतर्गत डीपसाही गांव में एक पुत्र को जन्म दिया था। इसके बाद उसने उसे गोबर के घूर में गाड़ दिया। मासुरी का पति हिंदू सिंह केरल में काम करता है। वह गुरुवार को अपने घर आया। इसके बाद अपनी पत्नी को लेने के लिए शुक्रवार को ससुराल डीपसाही गांव गया। ससुराल गांव पहुंचते ही उसे गांव के कुछ लोगों ने उक्त घटना की जानकारी दी।
गांव वालों से पत्नी के गर्भवती होने और बच्चा जनने की जानकारी मिलने के बाद हिंदू सिंह नवजात को खोजने लगा। गोबर घूर से उक्त बच्चे का शव मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पहुंची शरत थाना पुलिस ने बच्चे को बरामद कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। इधर, बच्चे की मां मासुरी सिंह का कहना है कि बुधवार भोर करीब 4 बजे वह शौच करने के लिए बाहर गई थी। उसी समय बच्चे का जन्म हुआ। इसके बाद बच्चे को कैसे घर ले जाएंगे, चिंता में गोबर के घूर में बच्चे को गाड़कर घर लौट गई। डर के मारे इस संबंध में मैंने किसी को जानकारी नहीं दी।