नदी में नहाने गए 14 साल के बच्चे को घडिय़ाल ने निगला
जिला के पटामुंडई ब्लॉक अंतर्गत डिआपारी गांव के विचित्र शेटटी का 14 वर्षीय बेटा श्रीकांत अपने दोस्तों के साथ हंसुआ नदी में नहाने गया था।
भुवनेश्वर, जेएनएन। ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिला अंतर्गत हंसुआ नदी में नहाने गए 14 साल के बच्चे को घडिय़ाल द्वारा निगल लिए जाने की घटना सामने आयी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंचे दमकलकर्मियों ने नदी में राहत एवं बचाव कार्य चलाया लेकिन न तो बच्चे का कुछ पता चला और न ही घडिय़ाल का। इस घटना को लेकर लोगों में तनाव का माहौल है। घटना शनिवार सुबह की है।
जिला के पटामुंडई ब्लॉक अंतर्गत डिआपारी गांव के विचित्र शेटटी का 14 वर्षीय बेटा श्रीकांत अपने दोस्तों के साथ हंसुआ नदी में नहाने गया था। दोस्तों के साथ नहाते हुए वह गहराई में चला गया और इसी दौरान नदी में घडिय़ाल ने श्रीकांत को दबोच लिया। श्रीकांत की चीत्कार सुन उसकेदोस्त उसे बचाने के लिए नदी से बाहर निकलकर चिल्लाने लगे। बच्चों की चींख-पुकार सुन लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। मगर तब तक देर हो चुकी थी।
दमकल विभाग की टीम ने नदी में श्रीकांत की तलाश में काफी छानबीन की मगर उसका कुछ पता नहीं चला और ना ही घडिय़ाल दिखा। बच्चे का कुछ पता नहीं चलने पर घटनास्थल पर उत्तेजना का माहौल बन गया। रविवार को भी दमकल विभाग की टीम ने नदी में श्रीकांत की खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इससे आशंका जताई जा रही है कि घडिय़ाल ने बच्चे को अपना आहार बना लिया है। हाालांकि श्रीकांत की मां अब भी अपने बेटे के इंतजार में आस लगाए बैठी है।