बाढ प्रभावित जाजपुर जिले में स्थिति अभी सामान्य नहीं
पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के कारण ओडिशा के विभिन्न जिलों में बाढ़ आई थी। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में जाजपुर भी है।
संसू, भुवनेश्वर : पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के कारण ओडिशा के विभिन्न जिलों में बाढ़ आई थी। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में जाजपुर भी है। अन्य जिलों में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। लेकिन, जाजपुर जिले के कई इलाके में अभी पानी का स्तर बना हुआ है। जिले में अबतक 12 लोगों की मौत बाढ़ के कारण हो चुकी है। हालांकि सरकारी आंकड़ों में यह संख्या 10 बताई गई है। प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में 8 लोगों की मौत बाढ़ में बह जाने से, एक की मौत सांप के डसने से तथा एक व्यक्ति की मौत दीवार गिरने से हुई है। बरी ब्लाक के मेदुआकूल गांव के 2 युवक केला तने से बनी नाव के सहारे नदी पार करते समय पानी में बह गए। लेकिन प्रशासन का कहना है कि ये लोग मछली पकड़ने गए थे और पानी के बहाव की चपेट में आ गए। इन 2 लोगों की मौत को मिलाकर जिले में अब तक 12 लोगों की मौत हुई है जबकि प्रशासन इसे 10 बता रहा है। इसे लेकर कांग्रेस ने विरोध जताते हुए सरकार से मांग की है कि बरी ब्लाक के 2 युवकों की मौत को भी बाढ़ जनित मृत्यु के आंकड़ों में शामिल किया जाए और उनके परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।