मजदूर स्पेशल ट्रेन में छग की महिला का प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ
पेट की खातिर एक महिला छत्तीसगढ़ से तेलेंगाना गई थी। लेकिन कोरोना के चलते पूरे देश में लागू लाकडाउन में वह वहीं फंस गई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : पेट की खातिर एक महिला छत्तीसगढ़ से तेलेंगाना गई थी। लेकिन कोरोना के चलते पूरे देश में लागू लाकडाउन में वह वहीं फंस गई। अंत में मजदूर स्पेशल ट्रेन के जरिए घर लौट रही थी कि प्रसव पीड़ा हुई और गाड़ी में ही महिला ने कन्या संतान को जन्म दिया है। जच्चा-बच्चा दोनों को टिटिलागढ़ अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां दोनों स्वस्थ बताए गए हैं।
महिला अपने परिवार के साथ मजदूर स्पेशल ट्रेन के जरिए तेलेंगाना से अपने घर आ रही थी। ट्रेन के ओडिशा के टिटिलागढ़ रेलवे स्टेशन की तरफ आने के दौरान महिला को प्रसव पीड़ा हुई। ट्रेन के बलांगीर स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही महिला ने कन्या संतान को जन्म दे दिया। ट्रेन में महिला का प्रसव होने से ट्रेन कुछ समय तक टिटिलागढ़ रेलवे स्टेशन पर रुकी रही। स्टेशन प्रबंधक से सूचना मिलने के बाद टिटिलागढ़ अस्पताल से एक एंबुलेंस स्टेशन पर पहुंची एवं जच्चा-बच्चा को अस्पताल ले गई। वर्तमान जच्चा-बच्चा दोनों का स्वास्थ्य ठीक होने की जानकारी एडीएमओ ने दी है। श्रमिक प्रवासी होने से उन्हें अस्पताल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। दो दिन के बाद उन्हें छोड़ देने की बात एडीएमओ ने कही है। ह्रदयाघात से कोरापुट लौट रही महिला की ट्रेन में मौत
मजदूर स्पेशल ट्रेन में एक महिला की मौत हो गई है। महिला आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से अपने गृह जिले कोरापुट आ रही थी। ट्रेन बलांगीर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद जीआरपी ने शव को जब्त कर अपमृत्यु का मामला दर्ज किया है।
महिला के सीने में दर्द होने के बाद ट्रेन में ही मृत्यु होने की बात महिला के साथ सफर कर रहे उसके संपर्की ने कही है। मृतक महिला का नाम राधा खरा एवं उसका घर कोरापुट जिले के बैपारीगुड़ा अंतर्गत रुंजी गांव में होने का पता चला है। महिला की उम्र 18 साल के आसपास बतायी गई है।