पीएम मोदी के साथ चंद्रयान-2 को चांद पर उतरते देखेगी शरण्य नंदा
डीएवी पब्लिक स्कूल चंद्रशेखरपुर की छात्रा शरण्य नंदा आगामी सात सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चंद्रयान-2 को चांद पर उतरते देखेगी।
जासं, भुवनेश्वर : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-2 की सफलता को चिंह्नित करने के लिए कक्षा 8 से 10 के छात्रों के बीच राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन क्विज का आयोजन किया था। इसमें डीएवी पब्लिक स्कूल, चंद्रशेखरपुर की कक्षा 9 की छात्रा शरण्य नंदा ने सफलता हासिल की है। ऐसे में शरण्य नंदा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आइएसटीआरएसी नियंत्रण कक्ष से चंद्रयान-2 को चांद पर उतरते देखने का मौका मिला है। एनटीपीसी, कनिहा के वरिष्ठ अधिकारी सुलभा नंदा और समीर कुमार नंदा की बेटी शरण्य नंदा 2017 में स्वच्छता मिशन में उत्साही भागीदारी के लिए प्रधानमंत्री से पहले ही प्रशंसा पा चुकी है। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. केसी सतपथी आदि ने शरण्य को उसकी शैक्षिक उपलब्धि के लिए बधाई दी, जिसने राज्य के साथ-साथ डीएवी का भी मान बढ़ाया है।