गंजाम में अनियंत्रित बस घाटी में गिरी, आठ की मौत
ओडिशा के गंजाम जिले के पाटपुर थाना अंतर्गत पालूखोल के पास बुधवार की भोर एक बस अनियंत्रित होकर तप्पताणी घाटी में पलट जाने से आठ यात्रियों की मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा के गंजाम जिले के पाटपुर थाना अंतर्गत पालूखोल के पास बुधवार की भोर एक बस अनियंत्रित होकर तप्पताणी घाटी में पलट जाने से आठ यात्रियों की मौत हो गई। जबकि अन्य 39 से अधिक यात्री घायल हुए हैं जिनमें से चार की हालत नाजुक बतायी गई है। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल वाहिनी के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल यात्रियों को बाहर निकालकर दिगपहंडी एवं बरहमपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत यात्रियों में पांच महिला, दो पुरुष एवं एक शिशु शामिल हैं। रायगड़ा की विद्युत नायक (42), पूतागड़ की झूनू बेहरा (42), कविसूर्यनगर बालीअसरा गांव की करिश्मा नायक (25), कोदला के एल रमेश बेहरा (45), सुनील नायक (32), संघमित्रा महापात्र (40), अनुष्का महापात्र (12), सुभाषिनी महारणा (34) मृतकों में शामिल है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस हादसे में हताहत लोगों के प्रति दुख प्रकट करते हुए प्रत्येक मृतक परिवार को दो लाख रुपये सहायता राशि की घोषणा की है। साथ ही घायलों के इलाज की व्यवस्था सरकार करेगी।
घटनाक्रम के अनुसार, मारुति नामक यात्री बस रायगड़ा के टिकिरी से बरहमपुर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान बुधवार की भोर साढ़े तीन बजे और चार बजे के बीच पालूखोल के पास यह हादसा हुआ। बस का ब्रेक फेल हो जाने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर ब्रिज के नीचे तप्तताणी घाटी में जा गिरी। भोर का समय और घने जंगल में यह हादसा होने से राहत एवं बचाव कार्य में काफी देरी हुई। काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। चीफ फायर आफिसर सुकांत सेठी ने बताया कि गैस कटर के जरिए बस को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद दमकल विभाग की चार टीम मोहना, सानखेमुंडी, दिगपहंडी एवं बरहमपुर के सदस्यों ने यात्रियों को उद्धार कर अस्पताल भेजा गया है।
दुर्घटनाग्रस्त बस के एक यात्री ने बताया कि घटना के कुछ समय पहले ही बस एक ढाबा के पास रुकी थी। यहां पर सभी यात्रियों ने चाय पीया। इसके बाद बस चली। आगे जाकर अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया और देखते ही देखते बस ब्रिज के नीचे घाटी में गिर गई।
गंजाम सीडीएमओ के अनुसार, दिगपहंडी मेडिकल में 35 यात्रियों का इलाज चल रहा है। बरमहपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 14 यात्रियों को भर्ती किए जाने की जानकारी अधीक्षक संतोष मिश्र ने दी है। इन 14 यात्रियों में से 4 की हालत नाजुक बतायी गई है। एक यात्री की हालत ज्यादा गंभीर होने से उसे भुवनेश्वर रेफर किया गया है। घटना के बाद बस चालक फरार हो गया।