विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजनीति की पिच पर ही नहीं, कैरम और बैडमिंटन में भी हैं 'मास्टर'; खेलों के प्रेमी हैं ओडिशा के नए गवर्नर

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:45 PM (IST)

Governor of Odisha Braj Mohan Ram: डॉ. ब्रजमोहन राम को ओडिशा का 38वां राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

ओडिशा के नए गवर्नर ब्रजमोहन राम। (फाइल फोटो)

ओडिशा के नए गवर्नर ब्रजमोहन राम। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. डॉ. ब्रजमोहन राम ओडिशा के 38वें राज्यपाल नियुक्त।

  2. झारखंड भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष रहे।

  3. फुटबॉल, बैडमिंटन और कैरम खेलने के शौकीन।

शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। ओडिशा के नए और 38वें राज्यपाल के रूप में झारखंड के ब्रजमोहन राम को नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई।

डॉ. ब्रजमोहन राम वर्तमान में झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

उनका जन्म 1958 में बिहार के पलामू जिले (वर्तमान में झारखंड) के चंदवा में हुआ था। उन्होंने लोहरदगा स्थित बीएस कॉलेज से कला में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सक्रिय राजनीति में कदम रखा।

कैरम के शौकीन

अखबार नियमित रूप से पढ़ने के साथ ही उन्हें फुटबाल, बैडमिंटन और कैरम खेलने का शौक है। वह भाजपा के सक्रिय और वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं।

विधायक से सांसद तक का सफर

ब्रजमोहन राम 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य रहे। इसके बाद 1996 में 11वीं लोकसभा के चुनाव में पलामू अनुसूचित जाति आरक्षित सीट से सांसद निर्वाचित हुए। उन्होंने 1998 और 1999 के लोकसभा चुनावों में भी लगातार जीत दर्ज की।

सांसद के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने रक्षा मंत्रालय, कोयला मंत्रालय, परिवहन मंत्रालय तथा विद्युत एवं ऊर्जा मंत्रालय से संबंधित संसदीय समितियों के सदस्य के रूप में काम किया।

हरिबाबू कंभमपति थे ओडिशा के 37वें राज्यपाल

उल्लेखनीय है कि हरिबाबू कंभमपति को तीन जनवरी 2025 को ओडिशा का 37वां राज्यपाल नियुक्त किया गया था। उन्होंने एक वर्ष और 282 दिनों तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली।

उनसे पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ओडिशा के 36वें राज्यपाल थे। उन्होंने एक वर्ष और 63 दिनों तक राज्यपाल के रूप में कार्य किया।

यह भी पढ़ें- पलामू के पूर्व सांसद ब्रज मोहन राम बने ओडिशा के नए राज्यपाल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह राज्यों में किए फेरबदल