नयागढ़ में तीन युवकों ने बमबारी कर फैलायी दहशत
नयागढ़ जिला के ओड़गां थाना क्षेत्र में रात में तीन जगहों पर हुई बमबारी से लोगों में दहशत फैल गई।
भुवनेश्वर, जेएनएन। राज्य के नयागढ़ जिला के ओड़गां थाना क्षेत्र में रविवार की रात में एक नहीं बल्कि तीन जगहों पर हुई बमबारी से लोगों में दहशत फैल गई। इस बमबारी में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बतायी जा रही है। घटनाक्रम के अनुसार, रविवार देर रात को तीन युवक एक बाइक से आए और पहले रंगसीपाटना में एक बम फेंका और वहां से फरार हो गए। इसके कुछ ही क्षण बाद मकरपद एवं कोमंड में इन युवकों ने बम फेंक लोगों में दहशत फैला दी।
इस दौरान बम फेंककर दहशत फैलाने वाले तीन युवकों में से दो युवक घायल हो गए हैं। इन युवकों में बेलगुंडा का बलिया पंडा एवं सरणकुल का रामचन्द्र होता शामिल हैं। पुलिस इन दोनों युवकों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। इनका अन्य एक साथी फरार हो गया है। इस बमबारी में राजकिशोर साहू नामक आरोही गम्भीर रूप से घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए भुवनेश्वर स्थानान्तरित किया गया है। ये तीनों युवक किस कारण से बम फेंक लोगों में दहशत फैला रहे थे, इसकी स्पष्ट सूचना अभी तक नहीं मिल पायी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बालिया को कोमंड का एक युवक फोन पर धमकी दी था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ उक्त व्यक्ति को खोजने आया था। तीनों शराब के नशे में धुत थे। उक्त युवक को मारने के इरादे से निकले ये तीनों युवकाें ने पहले रंगसीपाटना में बमबारी की फिर मकरपद में एवं अंत में कोमंड में बम फेंके। कोमंड में बम फेंकते समय आरोपितों में से दो युवक घायल हो गए और इनके साथ एक राहगीर भी घायल हो गया।