ओडिशा कांग्रेस ने मनाया काला दिवस
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से बुधवार को पूरे राज्य में काला दिवस मनाया गया।
जासं, भुवनेश्वर : ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से बुधवार को पूरे राज्य में काला दिवस मनाया गया। इस मौके पर कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ताओं ने मुंह पर पट्टी बांधकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रतिवाद किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि आम गांव, आम विकास, पीठा आदि जैसी योजनाओं के जरिए राज्य सरकार पंचायत प्रतिनिधियों का हक छीन रही है। इसके खिलाफ आज कांग्रेस की तरफ से पूरे राज्य में पंचायत स्तर पर काला दिवस मनाया गया है। नवीन पटनायक के एकछत्र शासन को उखाड़ फेंकने के लिए पार्टी के नेताओं ने आवाज बुलंद किया। विभिन्न योजना के नाम पर बीजू युवा वाहिनी एवं बीजद कार्यकर्ताओं को पैसा बांटे जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस की ओर से पंचायत, ब्लॉक, जिला स्तर एवं राज्य स्तर पर काला दिवस मनाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार संवैधानिक अधिकार को नष्ट कर रही है। कांग्रेस इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।