जनसमस्या के निदान को जनता से सलाह लेने निकली भाजपा
बीजू जनतादल (बीजद) की जन संपर्क पदयात्रा के मुकाबले भाजपा ने जन सलाह (परामर्श) पदयात्रा शुरू कर दी है।
संसू, भुवनेश्वर: बीजू जनतादल (बीजद) की जन संपर्क पदयात्रा के मुकाबले भाजपा ने जन सलाह (परामर्श) पदयात्रा शुरू की है। राजधानी के एकाम्र विधानसभा क्षेत्र से आरंभ इस पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ता लोगों से मिलकर उनके इलाके की समस्या और उसके निदान के लिए सलाह लेंगे।
इस जन परामर्श पदयात्रा का शुभारंभ करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बसंत कुमार पंडा ने कहा कि इस यात्रा से लोगों की समस्या को जानने तथा उसके निवारण का रास्ता निकालने में मदद मिलेगी। इस मौके पर भाजपा प्रवक्ता समीर महांती ने राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि एकाम्र विधानसभा क्षेत्र का विकास पिछले 10 साल से रुक गया है। नगर के एकाम्र चुनाव क्षेत्र को इसके लिए पहले टारगेट करते हुए भाजपा ने पदयात्रा निकाली। ¨लगराज मंदिर से आरंभ होकर भाजपा के नेता व कर्मी पदयात्रा करते हुए रामेश्वर चौक पहुंचे।
जानकारों के अनुसार भाजपा की इस पदयात्रा को बीजद के जनसंपर्क पदयात्रा का काउंटर माना जा रहा है। पदयात्रा में भाजपा नेता पृथ्वीराज हरिचंदन, अमीय दास, मानस कुमार महांती, रश्मिप्रभा सामंतराय, विष्णु प्रसाद नंद, हरेकृष्ण खुंटिया, कैलास चंद्र जेना प्रमुख शामिल रहे।