पूर्व मंत्री और वरिष्ठ बीजद नेता राजेंद्र ढोलकिया का निधन, मुख्यमंत्री ने जताया शोक
बीजू जनता दल के वरिष्ठ विधायक राजेंद्र ढोलकिया का 69 वर्ष की आयु में निधन हो गया। नुआपड़ा के विधायक ढोलकिया का हाल ही में हृदय प्रत्यारोपण हुआ था और तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई महीनों से बीमार चल रहे ढोलकिया का अस्पताल में इलाज चल रहा था।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के जाने-माने समाजसेवी, राजनेता तथा पूर्व मंत्री बीजद नुआपड़ा विधायक राजेंद्र ढोलकिया का सोमवार को निधन हो गया है।
उनका निधन चेन्नई स्थित एक निजी अस्पताल में हुआ है, राजेंद्र ढोलकिया कुछ दिनों से चिकित्सकीय देखरेख में थे। निधन के समय उनकी उम्र 69 वर्ष थी।
उनके निधन की खबर सामने आने के बाद उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक तथा तमाम राजनीतिक दल के नेताओं ने शोक प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने एक्स पर ट्वीट कर राजेन्द्र ढोलकिया के निधन पर शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा है कि महाप्रभु जगन्नाथ जी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। दिवगंत आत्मा के लिए महाप्रभु श्री जगन्नाथ के समीप मैं प्रार्थना करता हूं।
जानकारी के मुताबिक राजेंद्र ढोलकिया का जन्म 20 नवंबर 1956 को हुआ था। पिता का नाम रसिकलाल ढोलकिया और माता का नाम कल्पना ढोलकिया था। राजू भाई के नाम से परिचित राजेन्द्र ढोलकिया ने 2004 में निर्दल चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।
2009 और 2019 एवं 2024 में वह बीजू जनता दल के टिकट से नुआपड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर विधानसभा के सदस्य बने थे।
नवीन सरकार के पांचवें कार्यकाल में मंत्रीमंडल में नुआपड़ा के विधायक राजेंद्र ढोलकिया को कैबिनेट में शामिल किया गया था। राजेंद्र ढोलकिया ने नुआपड़ा से लगातार विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया।
जानकारी के अनुसार उनका पार्थिव शरीर चेन्नई से रायपुर लाया जाएगा और यहां से नुआपड़ा खरियार रोड लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। राजेन्द्र ढोलकिया एक राजनेता के साथ ही महान समाजसेवी थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।