ओडिशा में चार चरण में चुनाव पर बीजद ने उठाया सवाल
ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने राज्य में चार चरणों में चुनाव कराए जाने को लेकर सवाल उठाया है।
जासं, भुवनेश्वर : ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने राज्य में चार चरणों में चुनाव कराने को लेकर सवाल उठाया है। ओडिशा के मुख्य चुनाव अधिकारी पर निशाना साधते हुए बीजद के प्रवक्ता अमर पटनायक ने कहा कि चुनाव आयोग का यह फैसला समझ से परे है। कुल 21 लोकसभा और 147 विधानसभा की सीटों पर राज्य में चुनाव होना है। पटनायक ने मुख्य चुनाव अधिकारी पर भाजपा के प्रभाव में आकर चुनाव कार्यक्रम आयोग को भेजने का आरोप लगाया। पटनायक ने आंध्र प्रदेश और गुजरात में चुनाव कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों से तो ओडिशा छोटा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया गया है। इससे पहले यहां चुनाव दो चरणों में हुए थे। ऐसे में चार चरणों में चुनाव कराना किसी की भी समझ से परे हो सकता है।