विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भुवनेश्वर में हिट एंड रन: काली एसयूवी ने 50 वर्षीय व्यक्ति को मारी टक्कर, चालक फरार

Published: Fri, 16 Oct 2026 07:00 PM (IST)

भुवनेश्वर के नयापल्ली में एक तेज रफ्तार काले एसयूवी ने 50 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद चालक फरार हो गया।

भुवनेश्वर में हिट एंड रन: काली एसयूवी ने 50 वर्षीय व्यक्ति को मारी टक्कर, चालक फरार

भुवनेश्वर में हिट एंड रन: काली एसयूवी ने 50 वर्षीय व्यक्ति को मारी टक्कर, चालक फरार

HighLights

  1. भुवनेश्वर में तेज रफ्तार एसयूवी ने व्यक्ति को टक्कर मारी।

  2. हादसे के बाद चालक मौके से फरार, घायल अस्पताल में।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज से वाहन चालक की तलाश में।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर के नयापल्ली इलाके में एक तेज रफ्तार काले एसयूवी ने सड़क पार कर रहे 50 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

घायल की पहचान भरतपुर-सामपुर इलाके के निवासी विभूति भूषण चयनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मिठाई खरीदने के बाद सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन रोकने या घायल की मदद करने के बजाय मौके से भाग निकला।

घटना के बाद चयनी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद नयापल्ली पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस दुर्घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

बताया जा रहा है कि पुलिस को एसयूवी का पंजीकरण नंबर मिल गया है। अब वाहन के मालिक का पता लगाने के साथ ही दुर्घटना के समय गाड़ी कौन चला रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में सड़क सुरक्षा और दुर्घटना के बाद घायलों को छोड़कर भागने वाले वाहन चालकों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दुर्घटना होने पर मौके से भागने के बजाय घायल व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें। समय पर इलाज मिलने से घायल की जान बचाई जा सकती है।

फिलहाल पुलिस एसयूवी और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।