राउरकेला: बणईगढ़ महाविद्यालय में 22 नामांकन खारिज, शिहिडीहा कॉलेज में पहली बार होगा छात्र संघ चुनाव
बणईगढ़ महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव के लिए 25 में से 22 नामांकन रद्द कर दिए गए, जिससे केवल तीन ...और पढ़ें

बणईगढ़ महाविद्यालय में नामांकन पत्रों की जांच के दौरान बड़ा उलटफेर देखने को मिला है।
HighLights
बणईगढ़ कॉलेज में 22 छात्र संघ नामांकन रद्द हुए।
शिहिडीहा कॉलेज में पहली बार छात्र संघ चुनाव हो रहे।
दोनों कॉलेजों में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण रखने की सलाह।
जासं, राउरकेला। बणईगढ़ उपखंड के विभिन्न महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्र संघ चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
चुनाव की घोषणा के बाद से ही विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस बीच, बणईगढ़ महाविद्यालय में नामांकन पत्रों की जांच के दौरान बड़ा उलटफेर देखने को मिला है।
जहां 25 में से 22 नामांकनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं, शिहिडीहा स्थित यदुपति डिग्री महाविद्यालय में इतिहास में पहली बार छात्र संघ चुनाव होने जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बणईगढ़ महाविद्यालय में चुनाव के लिए कुल 35 नामांकन पत्र बिके थे, जिनमें से 25 विद्यार्थियों ने अपने नामांकन दाखिल किए थे।
9 अक्टूबर को जारी जांच सूची के अनुसार, इनमें से 22 नामांकन विभिन्न कारणों से रद्द कर दिए गए और केवल तीन उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए।
सचिव पद के लिए विश्वजीता साहू, दीपिका ओराम और साकिरा तरनुम के नामांकन बरकरार रखे गए हैं। अब इस पद पर इन्हीं तीनों उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला होगा।
दूसरी ओर, शिहिडीहा के यदुपति डिग्री महाविद्यालय में पहली बार होने जा रहे चुनाव को लेकर छात्रों में गजब का उत्साह है। यहां विभिन्न पदों के लिए दाखिल किए गए सभी 11 नामांकन वैध घोषित किए गए हैं।
एथलेटिक सचिव पद के लिए सुशांत महांतो और प्रीतम साहू, महासचिव पद के लिए शुभश्री भोई, सुमित कुमार महांतो और रेखा प्रधान तथा अध्यक्ष पद के लिए बुधुराम मुंडा, पूजा घाना, जितेंद्र नायक और राकेश किसान के नामांकन वैध पाए गए हैं।
इसके अलावा सांस्कृतिक सचिव पद के लिए मोनालिसा फत्कार और बिलासिनी महार के नामांकन भी सुरक्षित हैं। बणईगढ़ कॉलेज में बड़ी संख्या में नामांकन रद्द होने और शिहिडीहा कॉलेज में पहली बार चुनाव होने की चर्चा पूरे क्षेत्र में है।
दोनों कॉलेजों के प्रबंधन ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी उम्मीदवारों को चुनाव नियमों एवं आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी है।
