ओडिशा में महिला के अपहरण का प्रयास, सिपाही समेत तीन गिरफ्तार
woman kidnapping ओडिशा के भुवनेश्वर में महिला का अपहरण करने के प्रयास में एक सिपाही समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में थाने में शिकायत करने जा रही एक महिला को अपहरण करने का प्रयास करने वाले एक सिपाही समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राजधानी भुवनेश्वर स्थित शहीद नगर थाना क्षेत्र में यह घटना घटी है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीबन 10 बजे शहीद नगर थाना क्षेत्र में एक महिला थाने में शिकायत करने के लिए अकेले जा रही थी। इसी समय एक आटो से एक कांस्टेबल और उसके साथी वहां पहुंचे और संपृक्त महिला के साथ चर्चा कर उसे थाने पहुंचाने की बात कही। इसके बाद महिला आटो में बैठ गई। किन्तु महिला को थाना ले जाने के बादल खंडगिरी एवं चंदका के विभिन्न क्षेत्र में घुमाने लगे।
आटो में बदसलूकी करने का आरोप महिला ने लगाया है। इसके बाद वे आटो लेकर शहीद नगर पहुंचे। आटो जैसे ही शहीदनगर थाना के समीप पहुंचा महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी। महिला की आवाज सुनकर थानेे में रहने वाले पुलिसकर्मियों ने दौड़कर आटो का पीछा किया और सिपाही समेत तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार किये गये तीनों आरोपियों का कोर्ट में चालान कर दिया है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार सिपाही की खंडगिरी थाना में सोमवार को रात साढ़े नौ बजे से सुबह साढ़े सात बजे तक ड्यूटी करने की बात पता चली है।
मदद के बहाने दुष्कर्म
सुंदरगढ़ से झारसुगुड़ा आई एक महिला के साथ दो लोगों द्वारा दुष्कर्म करने की शिकायत सामने आयी है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट चालान कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने बताया कि पीड़िता सुंदरगड से झारसुगुड़ा अपने एक पुरुष मित्र से मिलने आई थी। मगर वह अपने मित्र से नहीं मिल पाई। बाद में उसने वापस घर जाने के लिए एक ऑटो को 1500 रुपए में तय किया। ऑटो चालक राजू रात का हवाला देते हुए महिला को अपने दोस्त बेहेरामाल स्थित विनोद शर्मा के घर ले गया। जहां रात में रुकने की बात कही।
इनकी बात सुनकर महिला तैयार हो गई। इसके बाद रात को राजू व विनोद ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला की चीख सुनकर आस पड़ोस के लोग महिला को इनके चंगुल से छुड़ा कार पुलिस को सूचना दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।