क्रिसमस पर गोलियों की तड़तड़ाहट से सहमा पुरी
श्रीक्षेत्र धाम पुरी में प्रभु ईसा मसीह के जन्म दिन (क्रिसमस) पर दिनदहाड़े गोलियों की तडतड़ाहट सुनाई देने से लोगों में भय का माहौल बन गया।
जेएनएन, भुवनेश्वर : श्रीक्षेत्र धाम पुरी में प्रभु ईसा मसीह के जन्म दिन (क्रिसमस) पर दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देने से लोगों में भय का माहौल बन गया। मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे कुम्हारपाड़ा थाना अंतर्गत गुंडिचा मंदिर मंदिर के नाकचड़ा द्वार के पास बाइक से आए तीन अज्ञात युवकों ने कुख्यात अपराधी संजय बेहरा उर्फ पारा पर अंधाधुंध फाय¨रग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस फाय¨रग में संजय बेहरा के तीन गोलियां लगी हैं। हालत गंभीर होने से उसे एससीबी मेडिकल, कटक रेफर किया गया है। माना जा रहा है कि पूर्व दुश्मनी के चलते यह गोलीबारी हुई है। पुलिस एक मामला दर्ज कर घटना की छानबीन कर रही है।
पुरी के डीसीपी पीके पटनायक ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। इससे पहले जबर्दस्ती उगाही मांगने के आरोप में संजय जेल जा चुका था। दो महीने पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। पिछले साल भागू प्रधान को गोली मारने के मामले में वह संलिप्त था। पुरी पुलिस के साथ उसकी मुठभेड़ भी हो चुकी है। संजय के खिलाफ 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। मंगलवार की सुबह वह अपने घर से बाइक के जरिए नाकचड़ा द्वार के पास खड़ा था। इसी समय विपरीत दिशा से बाइक से आए तीन युवकों ने उस पर अचानक गोली चला दी। संजय को तीन गोली लगी है। फिलहाल उसका कटक के श्रीरामचंद्र भंज मेडिकल (एससीबी) में इलाज चल रहा है।