पूरे देश के साथ ओडिशा में भी थी मोदी की लहर : नवीन पटनायक
ओडिशा में रिकार्ड पांचवी बार सत्तासीन होने जा रहे बीजू जनता दल प्रमुख नवीन पटनायक ने राज्य की जनता को दल के पक्ष मे ंजनादेश देने के लिए आभार प्रकट किया है।
जागरण संवादाता, भुवनेश्वर : ओडिशा में रिकार्ड पांचवी बार सत्तासीन होने जा रहे बीजू जनता दल (बीजद) सुप्रीमो सह मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य की जनता को दल के पक्ष में दिए गए जनादेश के लिए आभार प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता बीजद पर नियमित भरोसा बनाए हुए है। इसके लिए मैं राज्य के लोगों के प्रति आभारी हूं। उन्होंने बीजद के नेता एवं कार्यकर्ताओं के साथ महिलाओं को भी धन्यवाद दिया है। मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता पर प्रधानमंत्री को बधाई दी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर पूरे देश के साथ ओडिशा में भी थी। यही कारण है कि 2014 में बीजद को जो 20 सीट मिली थी वहीं इस बार लोकसभा में कुछ सीटें कम आयी हैं। हालांकि एनडीए सरकार में शामिल होने के सवाल को मुख्यमंत्री टाल गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ राज्य के विकास के लिए रचनात्मक संबंध रखेंगे। उल्लेखनीय है कि बीजू जनता दल ने ओडिशा विधानसभा में 2014 की ही तरह अपना दमदार प्रदर्शन 2019 में भी जारी रखा है, मगर लोकसभा में भाजपा से उसे कड़ी टक्कर मिली है।