ओडिशा विस में इस बार 59 नए चेहरे
सोलहवीं विधानसभा में इस बार 59 नए चेहरे पहली बार विधायक बनकर सदन में प्रवेश करेंगे।
जासं, भुवनेश्वर : सोलहवीं विधानसभा में इस बार 59 नए चेहरे पहली बार विधायक बनकर सदन में प्रवेश करेंगे। बीजद के 112 विधायकों में से 41 नए चेहरे हैं जबकि भाजपा के 23 विधायकों में से 14 तथा कांग्रेस के 9 विधायकों में से 3 नए चेहरे चुनाव जीते हैं। इसके साथ ही रायगड़ा से जीतने वाले निर्दलीय विधायक मकरंद मुदुली भी पहली बार विधानसभा में प्रवेश करेंगे। 16वीं विधानसभा में महिलाओं की संख्या 13 है। बीजद से 12 महिलाएं चुनाव जीतकर सदन में पहुंची है तो भाजपा से एक महिला उम्मीदवार चुनाव जीती हैं। 15वीं विधानसभा में महिलाओं की संख्या 12 थी। इसमें बीजद से 11 एवं भाजपा से एक सदस्य थी। इसी तरह सन 2000 में 14 महिला सदस्य थी, 2004 में 12 एवं 2009 में 7 महिला सदस्य विधानसभा में चुनाव जीतकर पहुंची थी।
नेता विपक्ष को लेकर भाजपा में मंथन शुरू
राज्य में बीजद सरकार के खिलाफ विधानसभा में दल की आवाज बुलंद करने के लिए नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर भाजपा में मंथन आरंभ हो गया है। सदन में नेता विपक्ष के मर्यादापूर्ण पद के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता जय नारायण मिश्र का नाम सबसे आग चल रहा है। संबलपुर विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल करने वाले जय नारायण अच्छे संगठक माने जाते हैं। नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में उनका नाम सबसे आगे चल रहा है। इनके अलावा क्योंझर से जीतने वाले मोहन माझी भी इस पद के प्रबल दावेदार हैं। धामनगर से जीत हासिल करने वाले विष्णु चरण सेठी का नाम भी चर्चा में दलित नेता के तौर पर भाजपा उन्हें नेता प्रतिपक्ष का आसन दे सकती है। हालांकि इसके लिए 27 को बैठक होने की संभावना जताई जा रही है।