एप्सटीन फाइल बनाम अर्चना नाग मामला: क्या सत्ता के करीब आते ही थम गई जांच की रफ्तार?
अमेरिका में जेफ्री एप्सटीन फाइलों के खुलासे ने ओडिशा के अर्चना नाग मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। ...और पढ़ें

अर्चना नाग। (फाइल फोटो)
HighLights
एप्सटीन फाइलों से ओडिशा के अर्चना नाग केस की तुलना।
सत्ता-अपराध गठजोड़ पर जांच की धीमी गति पर सवाल।
अर्चना नाग मामले में बड़े नामों की जांच अधूरी रही।
संतोष कुमार पांडेय, अनुगुल। अमेरिका में जेफ्री एप्सटीन से जुड़ी फाइलों के हालिया खुलासों ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि सत्ता, रसूख और अपराध के गठजोड़ को आखिर कब तक दबाया जा सकता है।
एप्सटीन फाइलों में जैसे-जैसे प्रभावशाली हस्तियों के नाम सामने आ रहे हैं, उसी के समानांतर ओडिशा में कभी सुर्खियों में रहा अर्चना नाग मामला फिर चर्चा में है। फर्क सिर्फ इतना है कि जहां एप्सटीन फाइलें सिस्टम को झकझोर रही हैं, वहीं अर्चना नाग केस लंबे समय से खामोशी के दौर में है।
शुरुआती धमाके से पूरे राज्य में मचा था हड़कंप
सितंबर 2022 में अर्चना नाग की गिरफ्तारी के बाद ओडिशा की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में भूचाल आ गया था। आरोप था कि अर्चना नाग प्रभावशाली लोगों के आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग कर मोटी रकम वसूल रही थी।
शुरुआती जांच और चर्चाओं में इस नेटवर्क को राजनीति, नौकरशाही और उद्योग जगत से जुड़ा बताया गया। यही कारण था कि इसे ‘ओडिशा का एप्सटीन केस’ तक कहा जाने लगा।
जांच आगे बढ़ी, दायरा सिमटता गया
मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने डिजिटल उपकरण जब्त किए और कई लोगों से पूछताछ की। हालांकि, समय के साथ जांच एजेंसियों ने इस प्रकरण को मुख्य रूप से ठगी, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली तक सीमित कर दिया।
जिन बड़े नामों की चर्चाएं सार्वजनिक मंचों और मीडिया में थीं, वे चार्जशीट में जगह नहीं बना सके। इसके बाद मामला हाई-प्रोफाइल से सामान्य आपराधिक केस की श्रेणी में आ गया।
एप्सटीन फाइलें और अर्चना नाग केस की समानताएं
एप्सटीन मामले में भी शुरुआत में आरोपों को दबाने की कोशिशें हुईं, लेकिन वर्षों बाद फाइलें खुलीं और प्रभावशाली नाम सार्वजनिक हुए। यही तुलना अर्चना नाग केस को लेकर की जा रही है। सवाल उठ रहा है कि क्या यहां भी कोई ऐसी फाइल है, जो अब तक बंद तिजोरी में कैद है।
चार्जशीट के बाद मीडिया की खामोशी
जांच पूरी होने और आरोपपत्र दाखिल होते ही मामला अदालत की प्रक्रिया में चला गया। इसके साथ ही नए खुलासों की रफ्तार थम गई। मीडिया का ध्यान नए अपराध, राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावी मुद्दों की ओर शिफ्ट हो गया। परिणामस्वरूप, अर्चना नाग केस सार्वजनिक विमर्श से धीरे-धीरे बाहर हो गया।
राजनीतिक बहस भी ठंडी पड़ी
शुरुआत में विपक्ष ने इस प्रकरण को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए थे, लेकिन प्रत्यक्ष राजनीतिक संलिप्तता के ठोस प्रमाण सामने न आने से यह मुद्दा भी धीरे-धीरे राजनीतिक एजेंडे से बाहर हो गया।
अब भी अनुत्तरित हैं कई सवाल
प्रशासन भले ही यह दावा कर रहा हो कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और नेटवर्क के भंडाफोड़ के साथ कार्रवाई पूरी हो चुकी है, लेकिन आमजन के मन में अब भी कई सवाल हैं। क्या पूरी सच्चाई सामने आ चुकी है? क्या सभी प्रभावशाली कड़ियों तक जांच पहुंची? या जांच वहीं थम गई, जहां से आगे बढ़ना असहज था?
एप्सटीन फाइलों ने यह साबित किया है कि सच चाहे जितना दबा दिया जाए, एक दिन सामने आता जरूर है। अर्चना नाग मामला फिलहाल अदालत की फाइलों में जीवित है, लेकिन सार्वजनिक बहस में सन्नाटा पसरा है। सवाल यह है कि क्या भविष्य में कोई नया खुलासा इस सन्नाटे को तोड़ेगा, या यह मामला भी अधूरी जांच की मिसाल बनकर रह जाएगा।
