ग्रामीण क्षेत्र के विकास पर करें फोकस: मुख्यमंत्री
राज्य सरकार की ओर से नवनियुक्त प्राणी चिकित्सक और सहायक कृषि अधिकारियों को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने नियुक्ति पत्र सौंपा।
संसू, भुवनेश्वर : राज्य सरकार की ओर से नवनियुक्त प्राणी चिकित्सक और सहायक कृषि अधिकारियों को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने नियुक्ति पत्र सौंपा। स्थानीय जयदेव भवन में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री ने ओपीएससी टॉपर अविनाश पटेल और किरन पटनायक को भी सम्मानित किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र के विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। आज 240 प्राणी चिकित्सक तथा 39 सहायक कृषि अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र के विकास में प्राणी चिकित्सक तथा सहायक कृषि अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा कृषि प्रधान राज्य होने से हमारी आíथक विकास की धुरी ग्रामीण क्षेत्र के इर्द-गिर्द घूमती है। हमें ग्रामीण क्षेत्र के समुचित विकास पर ज्यादा ध्यान देना होगा। मुख्यमंत्री ने आशा जतायी कि नव नियुक्त प्राणी चिकित्सक तथा सहायक कृषि अधिकारी राज्य के किसान हित की रक्षा करते हुए निरंतर विकास कार्य में अपना सहयोग देगें। इस मौके पर कृषि मंत्री प्रदीप महारथी, भुवनेश्वर के सांसद प्रसन्न पाटशाणी, प्रमुख सचिव आदित्य प्रसाद पाढ़ी, विकास कमिश्नर, कृषि विभाग के सचिव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।