ओडिशा के पहले लोकायुक्त बने गुवाहाटी हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अजीत सिंह
Ajit Singh first Lokayukta of Odisha. गुवाहाटी हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अजीत सिंह ओडिशा के पहले लोकायुक्त बने हैं।
भुवनेश्वर, जासं। गुवाहाटी उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश अजीत सिंह को शनिवार को ओडिशा का पहला लोकायुक्त नियुक्त किया गया। राज्य सरकार की चयन समिति की सिफारिश के बाद, राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने उनके नाम को मंजूरी दी है। छह सितंबर, 1956 को जन्मे सिंह ने 1979 में एक वकील के रूप में अपना कैरियर शुरू किया। उन्होंने जबलपुर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में अपना अभ्यास शुरू किया और बाद में एक अप्रैल, 2002 को वहां एक अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त हुए और 21 मार्च, 2003 को स्थायी न्यायाधीश बने।
इसके बाद उन्होंने 19 मार्च, 2015 को राजस्थान हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में शपथ ली गई, जहां से उन्हें फिर से स्थानांतरित किया गया और पांच मार्च, 2016 को गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। वे पांच सितंबर, 2018 को सेवानिवृत्त हुए थे।
इससे पहले 11 फरवरी को, मुख्य सचिव आदित्य प्रसाद पाढ़ी ने सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा देकर कहा था कि ओडिशा में 31 मार्च तक लोकायुक्त नियुक्त कर लिया जाएगा। आठ अप्रैल से लोकायुक्त का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद अगले ही दिन 12 फरवरी को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता वाली चयन समिति और विपक्ष के नेता नरसिंह मिश्र, विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप अमात, ओडिशा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश केएस झवेरी और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अनंग पटनायक सहित अन्य ने सर्वसम्मति से सिंह के नाम की सिफारिश की। गौरतलब है कि फरवरी 2014 में ओडिशा विधानसभा में लोकायुक्त विधेयक पारित करने वाला ओडिशा पहला राज्य था।