न्याय दिलाने वाली महिला ने न्याय के लिए लगायी गुहार, दर्ज करवायी शिकायत
ओडिशा में एक महिला एसआइ ने खुद पुलिस महानिदेशक कैंप दफ्तर आकर न्याय की गुहार लगाई और फुलवाणी जिले के दारिंगीबाड़ी थाना में शिकायत दर्ज करवायी।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। आम लोगों को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी जिसके के कंधे पर होती है, वही यदि न्याय मांगने लगे तो इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है, उस प्रदेश में किस प्रकार से कानून व्यवस्था काम कर रही है। यह सुनने में थोड़ा अजीब तो लगेगा लेकिन सच है। जानकारी के मुताबिक दूसरों को न्याय दिलाने के लिए काम करने वाली एक महिला एसआइ ने खुद पुलिस महानिदेशक कैंप दफ्तर आकर सोमवार को न्याय की गुहार लगाई है। महिला एसआई का आरोप है कि गंजाम जिले के खलिकोट थाना में मौजूद एसआई सिलू धल ने शादी का आश्वासन देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाया, मगर अब वह शादी से इनकार कर रहे हैं। इस संबंध में महिला एसआइ ने फुलवाणी जिले के दारिंगीबाड़ी थाना में शिकायत भी की हैं।
महिला एसआई के आरोप के मुताबिक 2017 में एसआई सिलू धल के साथ बीजू पटनायक पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में दोनों का परिचय हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। हालांकि इस प्रेम संबंध के बीच संपृक्त एसआइ ने जब उसके साथ बल पूर्वक शारीरिक संबंध बनाया तभी हमने कंधमाल जिले के सारंगड़ थाना में शिकायत की थी। इसके बाद एसआई सिलू ने उनसे शादी करने की बात कही तो तब मामला रफा दफा हो गया।
2019 अगस्त महीने में उनकी शादी भी हुई। हालांकि इसके बाद 10 महीने का समय गुजर गया और तभी से एसआइ सिलू ने उससे दूरी बना ली है। शादी के बाद से ही उनका आपस में कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। महिला एसआइ कहा है कि मेरे जीवन के साथ खिलवाड़ कर धोखा दिया गया है ऐसे में मुझे न्याय दिया जाए। उसने संपृक्त एसआइ सिलू के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की है।